एसडीएफ न्यूज ब्यूरो, खगड़िया
खगड़िया की धरती ने आज एक बार फिर उस महापुरुष को नमन किया, जिसने अपने त्याग, तपस्या और अनुशासन से पीढ़ियों को गढ़ा। भारत भीम गुरु शांति प्रकाश जी की 33वीं पुण्यतिथि के अवसर पर क्रांतिकारी युवा परिषद्, खगड़िया द्वारा दयानंद योग आश्रम, विद्याधार में श्रद्धा-सम्मान के साथ पुण्यतिथि समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता धर्मेंद्र शास्त्री ने की।
समारोह की शुरुआत गुरु शांति प्रकाश जी के तैलचित्र पर पुष्प अर्पित कर एवं दो मिनट का मौन रखकर श्रद्धांजलि देने के साथ हुई। पूरा वातावरण “शांति गुरु अमर रहें” के नारों से गूंज उठा।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए शिक्षक नेता मनीष कुमार सिंह ने कहा कि “शांति गुरु जी केवल एक प्रशिक्षक नहीं, बल्कि समाज निर्माण के शिल्पकार थे। उनका जीवन सत्य, सादगी और अनुशासन का जीवंत उदाहरण रहा।”
उन्होंने कहा कि उस दौर में जब न आधुनिक जिम थे और न महंगे संसाधन, तब भी गुरु जी की व्यायामशाला से निकले सैकड़ों युवाओं ने सेना भर्ती सहित विभिन्न प्रतियोगिताओं में सफलता प्राप्त कर देश सेवा का मार्ग चुना।खगड़िया कांग्रेस के जिला प्रवक्ता अरुण स्वर्णकार ने कहा कि पूरा खगड़िया समाज गुरु शांति प्रकाश जी का ऋणी है। आर्थिक तंगी के बावजूद उन्होंने गुरु बद्दूलाल व्यायामशाला, लोहा पट्टी के माध्यम से आजीवन निःशुल्क शिक्षा और प्रशिक्षण देकर गरीब एवं पिछड़े वर्ग के युवाओं को आगे बढ़ाया।
वहीं विश्व हिंदू परिषद खगड़िया के नितिन कुमार चुन्नू ने उन्हें ईमानदारी और कर्मनिष्ठा का प्रतीक बताते हुए कहा कि आज के भटकते दौर में युवाओं को शांति गुरु जी के जीवन मूल्यों को आत्मसात करने की आवश्यकता है।
पुण्यतिथि समारोह को वार्ड पार्षद पप्पू यादव, राजद व्यवसायिक प्रकोष्ठ के जिला अध्यक्ष शंभू पोद्दार, समाजसेवी मुन्ना जमींदार, शंभू गुप्ता, मनोज देव, श्रवण कुमार, रोहित कुमार, संजीव पोद्दार, नरेंद्र ब्रह्मचारी सहित कई वक्ताओं ने संबोधित किया।
कार्यक्रम को सफल बनाने में नीलम यादव, रूबी कुमारी, विवेक पोद्दार, धर्मांश, धर्मांशी, राहुल पोद्दार, साक्षी, रितिका, माही, सोनी, यश, सिट्टू पटेल, सूरज, अमन सहित दर्जनों कार्यकर्ताओं की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

एसडीएफ न्यूज ब्यूरो, खगड़िया














