एसडीएफ न्यूज ब्यूरो,खगड़िया
खगड़िया। समाजवादी विचारधारा की प्रखर नेत्री स्मृति शेष श्रीमती बच्चन देवी की पुण्य स्मृति में मिल रोड स्थित होटल युवराज में श्रद्धांजलि सभा सह शांति भोज का आयोजन किया गया। इस अवसर पर राजनीतिक, सामाजिक एवं बौद्धिक जगत से जुड़े गणमान्य नागरिकों ने बड़ी संख्या में उपस्थित होकर उन्हें नम आंखों से श्रद्धांजलि अर्पित की।
सभा की शुरुआत दिवंगत नेत्री के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर की गई। वातावरण भावुक हो उठा जब उपस्थित जनों ने “बच्चन देवी अमर रहें” के नारों के साथ उन्हें कोटि-कोटि नमन किया। वक्ताओं ने कहा कि बच्चन देवी सादगी, मृदुभाषी स्वभाव और जनसंघर्ष की प्रतिमूर्ति थीं। उन्होंने जीवनभर समाज के वंचित, शोषित और महिलाओं के अधिकारों के लिए संघर्ष किया।
कार्यक्रम में जिला परिषद अध्यक्ष श्रीमती कृष्णा यादव, पूर्व मंत्री श्रीमती रेनू कुशवाहा, पूर्व विधायक श्रीमती चंद्रमुखी देवी, पूर्व नगर परिषद अध्यक्ष मनोहर यादव, जन सुराज पार्टी के सुमन पटेल, जदयू की नीलम वर्मा, भाजपा युवा नेता अक्षय कुमार सूरी सहित विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि, सामाजिक कार्यकर्ता, अधिवक्ता, बुद्धिजीवी और वरिष्ठ पत्रकार उपस्थित रहे। सभी ने उनके सामाजिक-राजनीतिक योगदान को याद करते हुए इसे जिले के लिए अपूरणीय क्षति बताया।
इस अवसर पर भाजपा युवा नेता अक्षय कुमार सूरी ने कहा कि बच्चन देवी सच्चे अर्थों में जनसेवा को समर्पित थीं। वे महिला सशक्तिकरण की सशक्त आवाज़ थीं और उनका संघर्ष आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणास्रोत रहेगा।
कार्यक्रम में दिवंगत नेत्री के पुत्र राजीव कुमार गुप्ता ने आगंतुकों का स्वागत किया, जबकि समाजसेवी दामाद पंकज कुमार गुप्ता ने सभी अतिथियों के प्रति आभार प्रकट करते हुए कहा कि उन्हें दो माताओं का स्नेह और आशीर्वाद मिला है। उन्होंने संकल्प लिया कि वे बच्चन देवी के आदर्शों पर चलते हुए समाजसेवा का मार्ग आगे बढ़ाएंगे।
श्रद्धांजलि सभा का समापन शांतिपूर्ण वातावरण में शांति भोज के साथ हुआ, जहाँ सभी ने दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की।

एसडीएफ न्यूज ब्यूरो,खगड़िया














