एसडीएफ न्यूज ब्यूरो,खगड़िया
खगड़िया नगर परिषद क्षेत्र के वार्ड संख्या–16 में लंबे समय से चली आ रही जलजमाव और बदहाल जलनिकासी की समस्या अब जल्द ही इतिहास बनने वाली है। नगर परिषद खगड़िया की ओर से ₹22.82 लाख की लागत से आर.सी.सी. नाला निर्माण कार्य का विधिवत शुभारंभ नगर सभापति अर्चना कुमारी द्वारा किया गया। इस महत्वाकांक्षी योजना से वार्ड के कई मोहल्लों को बरसात के दिनों में होने वाली गंभीर परेशानियों से स्थायी राहत मिलेगी।
शुभारंभ अवसर पर नगर सभापति अर्चना कुमारी ने कहा कि जलनिकासी की समस्या केवल असुविधा नहीं, बल्कि यह स्वास्थ्य, स्वच्छता और नागरिक जीवन से जुड़ा गंभीर मुद्दा है। आर.सी.सी. नाला निर्माण से गंदे पानी की निकासी सुचारु होगी, जिससे सड़कों पर जलजमाव नहीं होगा और लोगों को स्वच्छ एवं सुरक्षित वातावरण मिलेगा।
उन्होंने यह भी कहा कि नगर परिषद का उद्देश्य हर वार्ड में समान रूप से विकास कार्य पहुंचाना और जनता को बेहतर मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराना है।
इस अवसर पर वार्ड पार्षद पप्पू यादव समेत कई जनप्रतिनिधि, सामाजिक कार्यकर्ता और बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे। सभी ने एक स्वर में इस योजना को वार्ड के लिए आवश्यक और जनहित में बताया। स्थानीय नागरिकों ने कहा कि वर्षों से बरसात में सड़कों पर पानी भर जाता था, जिससे आवागमन बाधित होता था और बीमारियों का खतरा बढ़ जाता था। नाला निर्माण से इन समस्याओं से स्थायी मुक्ति मिलेगी।
नगर परिषद खगड़िया द्वारा किए जा रहे लगातार विकास कार्य शहर के समग्र और संतुलित विकास की दिशा में मजबूत कदम माने जा रहे हैं। वार्ड संख्या–16 में आर.सी.सी. नाला निर्माण परियोजना न केवल क्षेत्र की तस्वीर बदलेगी, बल्कि नागरिकों के जीवन स्तर को भी बेहतर बनाएगी।

एसडीएफ न्यूज ब्यूरो,खगड़िया













