एसडीएफ न्यूज ब्यूरो,खगड़िया
गंगौर थाना कांड संख्या–14/026 और चित्रगुप्त नगर थाना कांड संख्या–05/26 में माननीय व्यवहार न्यायालय, खगड़िया द्वारा सुनवाई के बाद दर्जनों लोगों को जमानत दिए जाने के आदेश ने जिले में व्यापक चर्चा को जन्म दिया है। अदालत ने दोनों मामलों में उपलब्ध साक्ष्यों, केस डायरी और दोनों पक्षों की दलीलों पर विचार करते हुए यह राहत प्रदान की।इन मामलों में नगर परिषद खगड़िया के सभापति प्रतिनिधि ज्योतिष मिश्रा ,जिला परिषद सदस्य रजनीकांत कुमार विभिन्न राजनीतिक दलों से जुड़े पदाधिकारी तथा अन्य कई नाम शामिल थे। सुनवाई के दौरान बचाव पक्ष की ओर से प्रस्तुत तथ्यों और अभियोजन पक्ष के तर्कों को सुनने के बाद न्यायालय ने जमानत योग्य आधार पाते हुए यह आदेश पारित किया।
जानकारी के अनुसार, एक नाबालिग बच्ची से जुड़े जघन्य अपराध के बाद दर्ज प्राथमिकी में कई लोगों के नाम जोड़े गए थे। इस कार्रवाई को लेकर शुरुआत से ही स्थानीय स्तर पर चर्चा और सवाल उठते रहे। न्यायालय में जब मामले से जुड़े तथ्य, भूमिकाएं और साक्ष्य क्रमवार रखे गए, तो अदालत ने परिस्थितियों को देखते हुए आरोपितों को जमानत दे दी।
कानूनी जानकारों का कहना है कि जमानत मिलना किसी भी व्यक्ति के दोषमुक्त होने का प्रमाण नहीं होता, बल्कि यह न्यायिक प्रक्रिया के दौरान दिया गया एक अधिकार है, ताकि व्यक्ति कानून के दायरे में रहते हुए अपना पक्ष रख सके। अंतिम निर्णय साक्ष्यों और सुनवाई के आधार पर ही होगा।
न्यायालय के इस आदेश के बाद जिले में कई तरह की चर्चाएं शुरू हो गई हैं। कुछ लोग इसे न्यायिक प्रक्रिया की पारदर्शिता से जोड़कर देख रहे हैं, तो कुछ इसे प्रारंभिक कार्रवाई के संदर्भ में सवालों से भी जोड़ रहे हैं। हालांकि, न्यायालय ने अपने आदेश में केवल प्रस्तुत तथ्यों और कानूनी आधारों पर ही निर्णय दिया है।
जमानत मिलने के बाद संबंधित पक्षों ने न्यायपालिका के प्रति आभार व्यक्त किया और कहा कि उन्हें न्याय व्यवस्था पर पूरा भरोसा है। उन्होंने आगे की सुनवाई में सहयोग करने की बात कही। इस मामले में वरिष्ठ अधिवक्ता अजय कुमार सिंह द्वारा विस्तृत पैरवी की गई।
फिलहाल, दोनों मामलों में न्यायिक प्रक्रिया जारी है। अगली सुनवाई निर्धारित तिथियों पर होगी, जहां साक्ष्यों के आधार पर मामले की आगे की दिशा तय की जाएगी। जिले के लोग अब इस मामले की आगामी न्यायिक कार्यवाही पर नजर बनाए हुए हैं।

एसडीएफ न्यूज ब्यूरो,खगड़िया













