एसडीएफ न्यूज ब्यूरो,खगड़िया
फरकिया का कैंब्रिज कहलाने वाला कोशी कॉलेज एक बार फिर अपनी जर्जर हालत को लेकर सुर्खियों में है। इलाके की शिक्षा व्यवस्था की पहचान रहे इस कॉलेज में पढ़ने वाले सैकड़ों छात्र-छात्राएं वर्षों से मूलभूत सुविधाओं के अभाव में पढ़ाई करने को मजबूर हैं। अब यह मामला राज्य की सबसे बड़ी पंचायत तक पहुंच गया है। बजट सत्र के दौरान बिहार विधानसभा में सदर विधायक बबलू कुमार मंडल ने शून्यकाल में इस मुद्दे को जोरदार तरीके से उठाया और सरकार का ध्यान कॉलेज की बदहाल स्थिति की ओर आकर्षित कराया। विधायक ने सदन को बताया कि कॉलेज भवन काफी पुराना हो चुका है, जगह-जगह दरारें पड़ चुकी हैं, छत और दीवारों की हालत खराब है और किसी भी समय बड़ा हादसा हो सकता है, इसके बावजूद छात्र-छात्राएं जान जोखिम में डालकर पढ़ाई कर रहे हैं।
उन्होंने कहा कि कई बार स्थानीय स्तर पर शिकायतें उठी लेकिन अब तक ठोस समाधान नहीं हुआ, इसलिए उन्होंने यह मुद्दा सीधे सदन में रखा है। उन्होंने विशेष रूप से महिला छात्राओं की परेशानी का जिक्र करते हुए बताया कि वर्षों पहले शुरू किया गया महिला छात्रावास आज तक अधूरा पड़ा है, जिसके कारण दूरदराज गांवों से आने वाली छात्राओं को रोज लंबी दूरी तय करनी पड़ती है या पढ़ाई छोड़नी पड़ती है। विधायक ने सरकार से मांग की कि कॉलेज भवन की तत्काल मरम्मत कराई जाए और अर्धनिर्मित महिला छात्रावास को प्राथमिकता के आधार पर पूरा कराया जाए ताकि छात्राओं को सुरक्षित आवास मिल सके और उच्च शिक्षा को बढ़ावा मिले।
उन्होंने कहा कि शिक्षा क्षेत्र की मजबूती से ही इलाके का विकास संभव है और यह सिर्फ भवन नहीं बल्कि हजारों छात्रों के भविष्य से जुड़ा सवाल है। सदन में उन्होंने भरोसा जताया कि सरकार उनकी मांगों को गंभीरता से ले रही है और जल्द कार्रवाई की उम्मीद है। बबलू मंडल ने यह भी कहा कि वे लगातार अपने क्षेत्र की समस्याओं को विधानसभा में उठा रहे हैं और आगे भी उठाते रहेंगे। इससे पहले भी उन्होंने फुटकर विक्रेताओं की समस्याओं, मानसी में नए कॉलेज की स्थापना, खगड़िया नगर परिषद और सदर अस्पताल क्षेत्र में जलजमाव, तथा मानसी नगर पंचायत में स्टॉर्म वाटर ड्रेनेज सिस्टम की जरूरत जैसे मुद्दे सदन में रखे हैं। विधायक ने उम्मीद जताई कि सरकार जल्द इन सभी मांगों पर सकारात्मक निर्णय लेकर क्षेत्रवासियों को राहत देगी और फरकिया क्षेत्र को शिक्षा के क्षेत्र में नई पहचान

एसडीएफ न्यूज ब्यूरो,खगड़िया













