एसडीएफ न्यूज ब्यूरो,खगड़िया
खगड़िया जिले के गोगरी प्रखंड अंतर्गत रामपुर पंचायत में किसानों की आर्थिक उन्नति की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल देखने को मिली। पंचायत के मुखिया कृष्णानंद यादव की मौजूदगी में उनके आवास पर किसानों के लिए आय वृद्धि, बचत और कृषि आधारित वैकल्पिक आजीविका पर विशेष प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया।
इस प्रशिक्षण का संचालन युगांतर और धिरा संस्था के प्रशिक्षक पार्थ आनंद द्वारा किया गया, जिसमें क्षेत्र के सैकड़ों किसानों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।प्रशिक्षण के दौरान किसानों को आधुनिक खेती की पद्धतियां, लागत कम करने के तरीके, फसल विविधीकरण, पशुपालन, बागवानी तथा सामूहिक खेती के लाभों के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई।
प्रशिक्षक पार्थ आनंद ने बताया कि पारंपरिक खेती के साथ-साथ यदि किसान अतिरिक्त आय के स्रोत विकसित करें तो उनकी आर्थिक स्थिति में स्थायी सुधार संभव है।उन्होंने किसानों को नियमित बचत की आदत अपनाने, स्वयं सहायता समूहों से जुड़ने, योजनाबद्ध निवेश करने तथा सरकारी योजनाओं का लाभ उठाने के बारे में भी मार्गदर्शन दिया।
इसके साथ ही बैंकिंग सेवाओं से जुड़ाव, बीमा योजनाओं के उपयोग और डिजिटल लेन-देन के महत्व पर भी प्रकाश डाला गया ताकि किसान आर्थिक रूप से अधिक सुरक्षित और जागरूक बन सकें।
मुखिया कृष्णानंद यादव ने कहा कि किसानों की आय बढ़ाना और उन्हें आत्मनिर्भर बनाना पंचायत की प्राथमिकता है।उन्होंने किसानों से अपील की कि प्रशिक्षण में मिली जानकारी को अपने जीवन में अपनाएं और अन्य किसानों को भी इसके लिए प्रेरित करें।
कार्यक्रम के समापन पर प्रखंड प्रमुख अशोक कुमार पंत ने युगांतर और धिरा संस्था की पहल की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे प्रशिक्षण कार्यक्रम किसानों को नई दिशा देते हैं और वे अपने कृषि कार्यों में सुधार कर बेहतर आय प्राप्त करने के लिए प्रेरित होते हैं।
इस अवसर पर युवा शक्ति के जिलाध्यक्ष राजेश यादव, कविरंजन यादव, जुनैद आसिफ, पंकज यादव, ग्रीस रंजन, जवाहर यादव, राहुल कुमार सहित सैकड़ों किसान उपस्थित रहे।

एसडीएफ न्यूज ब्यूरो,खगड़िया













