एसडीएफ न्यूज ब्यूरो,खगड़िया
खगड़िया नगर परिषद क्षेत्र में आधारभूत सुविधाओं को मजबूत करने की दिशा में विकास कार्यों की रफ्तार तेज होती दिखाई दे रही है। वार्ड संख्या 23 में नगर सभापति अर्चना कुमारी ने एक साथ दो महत्वपूर्ण योजनाओं का उद्घाटन कर स्थानीय नागरिकों को बड़ी राहत दी। कार्यक्रम के दौरान सबसे पहले सन्हौली स्थित दुर्गा मंदिर परिसर में लगभग तीन लाख दो सौ हजार रुपये की लागत से कराए गए कुएं के जीर्णोद्धार कार्य का फीता काटकर उद्घाटन किया गया। वर्षों से उपेक्षित पड़े इस कुएं की मरम्मत और पुनर्निर्माण के बाद अब मंदिर में आने वाले श्रद्धालुओं तथा आसपास के मोहल्लों के लोगों को स्वच्छ जल की सुविधा मिलेगी।
स्थानीय लोगों का कहना है कि पहले उन्हें दूर से पानी लाना पड़ता था, लेकिन अब यह समस्या काफी हद तक खत्म हो जाएगी और धार्मिक आयोजनों में भी सुविधा मिलेगी। इसके बाद लाडो वेटनरी के समीप गुलशन स्पोर्ट्स गली में लगभग चार लाख चार सौ हजार रुपये की लागत से बनने वाले आरसीसी नाला एवं सड़क निर्माण कार्य का शुभारंभ किया गया।
बरसात के मौसम में इस इलाके में जलजमाव की गंभीर समस्या रहती थी, जिससे लोगों का घर से निकलना तक मुश्किल हो जाता था और बच्चों तथा बुजुर्गों को विशेष परेशानी होती थी, लेकिन नाला और सड़क निर्माण के बाद जल निकासी की व्यवस्था बेहतर होगी और आवागमन सुरक्षित बनेगा।
मौके पर मौजूद नागरिकों ने इस पहल का स्वागत करते हुए कहा कि लंबे समय बाद मोहल्ले में वास्तविक विकास कार्य देखने को मिल रहा है।
कार्यक्रम में वार्ड पार्षद, स्थानीय प्रतिनिधि और बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे और उन्होंने नगर परिषद से आगे भी इसी तरह कार्य जारी रखने की मांग की। इस अवसर पर नगर सभापति अर्चना कुमारी ने कहा कि नगर परिषद का उद्देश्य शहर के हर वार्ड में समान रूप से विकास कार्य कराना है और किसी भी क्षेत्र को उपेक्षित नहीं छोड़ा जाएगा।
उन्होंने बताया कि आने वाले समय में सड़क, नाला, जलापूर्ति, साफ-सफाई और अन्य मूलभूत सुविधाओं को प्राथमिकता के आधार पर पूरा किया जाएगा ताकि नागरिकों को बेहतर और सुविधाजनक जीवन मिल सके। उन्होंने लोगों से भी अपील की कि विकास कार्यों में सहयोग करें और सार्वजनिक संपत्तियों की सुरक्षा करें ताकि योजनाओं का लाभ लंबे समय तक मिलता रहे।
नगर परिषद का कहना है कि आने वाले महीनों में शहर के अन्य वार्डों में भी इसी प्रकार की योजनाएं शुरू की जाएंगी जिससे पूरे शहर में चरणबद्ध तरीके से विकास का दायरा बढ़ेगा और लोगों को दैनिक जीवन में राहत मिलेगी।

एसडीएफ न्यूज ब्यूरो,खगड़िया













