एसडीएफ न्यूज ब्यूरो,खगड़िया
खगड़िया जिले के इत्मादी अंतर्गत ग्राम गांधी नगर एवं रोहियामा में 17 फरवरी 2026 को Tata Trusts की ज़ोनल हेड (उत्तर भारत) शारदा गौतम द्वारा व्यापक फील्ड विजिट की गई, जिसके अंतर्गत गांधी नगर में फसल निरीक्षण तथा रोहियामा में बकरी पालकों के लिए वैज्ञानिक प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस पहल का उद्देश्य किसानों एवं पशुपालकों की आय में वृद्धि, वैज्ञानिक खेती को प्रोत्साहन तथा कृषि-पशुपालन आधारित आजीविका को सशक्त बनाना रहा।
गांधी नगर में मक्का सहित अन्य फसलों की वर्तमान स्थिति का निरीक्षण करते हुए हाल ही में कृषि इनपुट प्राप्त करने वाले किसानों के खेतों का मानक अनुसार मूल्यांकन किया गया। फसल वृद्धि की प्रगति, संतुलित उर्वरक उपयोग, सिंचाई प्रबंधन तथा कीट-रोग नियंत्रण की गहन समीक्षा की गई।
किसानों से सीधे संवाद करते हुए शारदा गौतम ने वैज्ञानिक पद्धति से खेती अपनाने, समय पर खरपतवार नियंत्रण करने तथा नियमित फसल निगरानी पर विशेष जोर दिया।
साथ ही टीम को निर्देशित किया गया कि दैनिक डायरी संधारण, नियमित फील्ड विजिट एवं साप्ताहिक रिपोर्टिंग को और अधिक सुदृढ़ किया जाए, ताकि कार्यक्रम की गुणवत्ता और पारदर्शिता सुनिश्चित हो सके।
इसी क्रम में रोहियामा गांव में बकरी पालकों के लिए वैज्ञानिक बकरी पालन पर प्रशिक्षण आयोजित किया गया, जिसमें नस्ल चयन, संतुलित आहार प्रबंधन, समय पर टीकाकरण, रोग पहचान एवं उपचार, स्वच्छ आवास व्यवस्था तथा प्रभावी विपणन रणनीति जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तृत जानकारी प्रदान की गई।
शारदा गौतम ने पशुपालकों को आय वृद्धि हेतु समूह आधारित गतिविधियों को बढ़ावा देने और नियमित तकनीकी मार्गदर्शन अपनाने की सलाह दी।
प्रतिभागियों ने प्रशिक्षण को अत्यंत उपयोगी बताते हुए भविष्य में भी ऐसे कार्यक्रमों के आयोजन की अपेक्षा व्यक्त की।
यह संयुक्त फील्ड विजिट एवं प्रशिक्षण कार्यक्रम क्षेत्र में कृषि और पशुपालन आधारित आजीविका को नई दिशा देने वाली महत्वपूर्ण पहल सिद्ध हुआ, जो किसानों एवं बकरी पालकों को तकनीकी रूप से सशक्त बनाकर उनकी आय में स्थायी वृद्धि सुनिश्चित करने की दिशा में सार्थक कदम है।

एसडीएफ न्यूज ब्यूरो,खगड़िया















