एसडीएफ न्यूज,ब्यूरो खगड़िया
खगड़िया में स्वास्थ्य सुविधा को लेकर अब इंतजार की घड़ियां खत्म होने वाली हैं। सदर विधायक बबलू कुमार मंडल ने प्रेस वार्ता में बड़ा ऐलान करते हुए कहा कि भवन निर्माण विभाग से एनओसी मिलते ही जिले में मेडिकल कॉलेज का निर्माण कार्य शुरू कर दिया जाएगा। उन्होंने बताया कि विधानसभा के चालू सत्र में उन्होंने इस मुद्दे को तारांकित प्रश्न के माध्यम से मजबूती से उठाया था, जिस पर स्वास्थ्य मंत्री मंगल पांडेय ने जवाब देते हुए स्पष्ट किया कि जिला मुख्यालय के हरदाशचक में 15 एकड़ जमीन मेडिकल कॉलेज के लिए चिन्हित कर ली गई है।
फिलहाल यह जमीन भवन निर्माण विभाग के अधीन है और वहां से एनओसी लेने की प्रक्रिया अंतिम चरण में है। मंत्री ने भरोसा दिलाया है कि जैसे ही एनओसी प्राप्त होगी, निर्माण कार्य में कोई देरी नहीं होगी।
साथ ही राज्य सरकार की महत्वाकांक्षी योजना सात निश्चय-3 के तहत नए मेडिकल कॉलेजों में बेहतर पढ़ाई और अत्याधुनिक इलाज की सुविधा सुनिश्चित करने के लिए लोक-निजी भागीदारी को भी बढ़ावा दिया जा रहा है, जिससे खगड़िया के मरीजों को बड़े शहरों पर निर्भर नहीं रहना पड़ेगा और स्थानीय युवाओं को मेडिकल शिक्षा का सुनहरा अवसर मिलेगा।
सदर विधायक बबलू मंडल ने कहा कि वे खगड़िया की मिट्टी से जुड़े हुए हैं और यहां की जरूरतों को भलीभांति समझते हैं, उनकी प्राथमिकता अटकी हुई योजनाओं को धरातल पर उतारना है और मेडिकल कॉलेज निर्माण उसी दिशा में एक बड़ा कदम है।
कुल मिलाकर, एनओसी मिलते ही खगड़िया में विकास की नई इबारत लिखी जाएगी और स्वास्थ्य क्षेत्र में एक ऐतिहासिक शुरुआत होगी।

एसडीएफ न्यूज,ब्यूरो खगड़िया













