एसडीएफ न्यूज ब्यूरो,खगड़िया
खगड़िया जिले में मौसम के अचानक बदले मिजाज ने किसानों की चिंताएं बढ़ा दी हैं। हाल ही में हुई बेमौसम बारिश और ओलावृष्टि ने रबी फसलों को भारी नुकसान पहुंचाया है। खासकर गेहूं और मक्का की तैयार फसलें बुरी तरह प्रभावित हुई हैं। कई जगहों पर खेतों में खड़ी फसलें गिर गई हैं, दाने झड़ गए हैं और पानी भरने से फसल सड़ने लगी है। इससे किसानों की महीनों की मेहनत और लागत पर गहरा असर पड़ा है।
इस गंभीर स्थिति को देखते हुए खगड़िया के सांसद राजेश वर्मा ने बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को पत्र लिखकर तत्काल हस्तक्षेप की मांग की है। सांसद ने अपने पत्र में विस्तार से बताया कि इस प्राकृतिक आपदा के कारण किसानों की आर्थिक स्थिति बेहद कमजोर हो गई है और उनके सामने जीविकोपार्जन का संकट खड़ा हो गया है।
सांसद ने मुख्यमंत्री से आग्रह किया है कि प्रभावित प्रखंडों और गांवों में प्रशासनिक टीम भेजकर जल्द से जल्द फसल क्षति का सर्वेक्षण कराया जाए। उन्होंने यह भी कहा कि वास्तविक आकलन के आधार पर किसानों को उचित और पर्याप्त मुआवजा दिया जाए, ताकि वे अपनी आर्थिक स्थिति को संभाल सकें और अगली फसल की तैयारी कर सकें।
इसके साथ ही सांसद ने यह भी मांग की है कि राज्य सरकार विशेष राहत पैकेज की घोषणा करे, जिसमें छोटे और सीमांत किसानों को प्राथमिकता दी जाए। उन्होंने किसानों के लिए कर्ज में राहत, बीज और खाद पर अनुदान तथा अन्य आवश्यक सहायता देने की भी अपील की है।
सांसद राजेश वर्मा ने कहा कि किसान पहले ही बढ़ती लागत, मौसम की अनिश्चितता और बाजार की समस्याओं से जूझ रहे हैं। ऐसे में इस तरह की प्राकृतिक आपदा उनके लिए दोहरी मार साबित हो रही है। उन्होंने राज्य सरकार से संवेदनशीलता दिखाते हुए त्वरित और प्रभावी कदम उठाने की मांग की है।
इधर, प्रभावित क्षेत्रों के किसानों ने भी सरकार और प्रशासन से मदद की गुहार लगाई है।
किसानों का कहना है कि यदि जल्द राहत नहीं मिली, तो उनके सामने गंभीर आर्थिक संकट खड़ा हो जाएगा।
कई किसानों ने बताया कि उन्होंने कर्ज लेकर खेती की थी और अब फसल खराब होने से कर्ज चुकाना भी मुश्किल हो गया है।















