एसडीएफ न्यूज ब्यूरो, खगड़िया
जिले के मानसी स्थित जनता इंटर विद्यालय को अब एक नए रूप में विकसित करने की तैयारी शुरू हो गई है। सदर विधायक सह विद्यालय प्रबंधन समिति के अध्यक्ष बबलू कुमार मंडल ने विद्यालय को जिले का रोल मॉडल स्कूल बनाने का संकल्प लिया है।
शनिवार को आयोजित प्रबंधकारिणी समिति की बैठक से पहले विधायक ने विद्यालय परिसर का निरीक्षण कर शैक्षणिक व्यवस्था, आधारभूत संरचना और उपलब्ध सुविधाओं का जायजा लिया।
इस दौरान उन्होंने कई आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए विद्यालय के सर्वांगीण विकास पर जोर दिया।
बैठक को संबोधित करते हुए विधायक ने कहा कि जनता इंटर विद्यालय पहले से ही शिक्षा के क्षेत्र में अपनी अलग पहचान रखता है, जिसे अब और सशक्त बनाने की जरूरत है। उन्होंने हाल ही में मानसी की दो छात्राओं के बिहार टॉपर बनने पर गर्व व्यक्त करते हुए इसे विद्यालय के बेहतर शैक्षणिक माहौल का परिणाम बताया।
उन्होंने स्पष्ट किया कि विद्यालय को आधुनिक सुविधाओं से लैस किया जाएगा, जिसमें स्मार्ट क्लासरूम, समृद्ध लाइब्रेरी और अत्याधुनिक प्रयोगशालाओं का निर्माण शामिल है। उनका उद्देश्य छात्रों को गुणवत्तापूर्ण और प्रतिस्पर्धी शिक्षा उपलब्ध कराना है।
मानसी के समग्र विकास का जिक्र करते हुए विधायक ने बताया कि उन्होंने क्षेत्र में कॉलेज निर्माण की मांग विधानसभा में उठाई है, ताकि स्थानीय छात्रों को उच्च शिक्षा के लिए बाहर न जाना पड़े। साथ ही मल्टी-लेवल मार्केट और पार्किंग व्यवस्था विकसित करने का प्रस्ताव भी दिया गया है, जिससे बाजार क्षेत्र में यातायात व्यवस्था सुगम हो सके।
इसके अलावा मानसी जंक्शन के पश्चिमी केबिन पर रेल ओवर ब्रिज (ROB) निर्माण की मांग भी मुख्यमंत्री के समक्ष रखी गई है, जिससे जाम की समस्या से लोगों को राहत मिल सके।
बैठक में नगर पंचायत अध्यक्ष प्रभा देवी, विद्यालय प्रधान मेनू कुमारी, नीलम देवी, मीरा देवी, प्रियेश रौशन, अशोक कुमार विद्यार्थी सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।सभी ने विद्यालय के विकास और क्षेत्र की शिक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए अपने सुझाव साझा किए।















