एसडीएफ न्यूज ब्यूरो,खगड़िया
जिले के सदर प्रखंड के उत्तर माड़र पंचायत के तीन गछिया टोला स्थित प्रसिद्ध धार्मिक स्थल बड़ी मां कात्यायनी स्थान बागमती नदी के लगातार कटाव से गंभीर खतरे में है।
स्थानीय लोगों ने बताया कि नदी के तेज कटाव के कारण यह ऐतिहासिक और धार्मिक शक्तिपीठ अपना अस्तित्व खोने की कगार पर है। दूर-दूर से श्रद्धालु पूजा-अर्चना के लिए आने वाले इस स्थल की सुरक्षा को लेकर ग्रामीण चिंतित हैं।
स्थल का निरीक्षण करने के लिए विधायक बबलू कुमार मंडल सोमवार को मौके पर पहुंचे। उन्होंने अधिकारियों से फोन पर बातचीत कर स्थिति की गंभीरता से अवगत कराया और कटाव रोकने के लिए तुरंत और स्थायी उपाय करने के निर्देश दिए।
विधायक ने कहा कि अब तक के किए गए कटाव रोधी कार्य पर्याप्त नहीं हैं।
उन्होंने भरोसा दिलाया कि इस ऐतिहासिक और धार्मिक धरोहर की रक्षा के लिए उच्च स्तर पर प्रयास किए जाएंगे और आवश्यक संसाधन उपलब्ध कराए जाएंगे।
स्थानीय जनप्रतिनिधियों और सैकड़ों ग्रामीणों ने भी कटाव रोधी कार्य तुरंत शुरू करने की मांग की।
विधायक ने ग्रामीणों से भरोसा दिलाया कि प्रशासन के साथ समन्वय कर जल्द ही ठोस कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।















