एसडीएफ न्यूज ब्यूरो ,खगड़िया
खगड़िया जिले के अलौली विधानसभा क्षेत्र अंतर्गत धुसमुरी विशनपुर गांव इन दिनों भक्ति और आध्यात्मिक ऊर्जा से सराबोर है। यहां आयोजित भव्य सत्संग कार्यक्रम के दूसरे दिन का शुभारंभ राजद जिलाध्यक्ष मनोहर कुमार यादव द्वारा विधिवत फीता काटकर किया गया। उद्घाटन के साथ ही पूरे क्षेत्र में श्रद्धा, आस्था और सकारात्मक ऊर्जा का माहौल बन गया।
अपने प्रेरणादायक संबोधन में मनोहर कुमार यादव ने कहा कि सत्संग केवल एक धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि समाज को सही दिशा देने वाला एक सशक्त माध्यम है। उन्होंने कहा कि आज के दौर में जब लोग भौतिकता की दौड़ में अपने मूल्यों से दूर होते जा रहे हैं, ऐसे में सत्संग ही उन्हें आत्मिक शांति और सच्चे जीवन मार्ग की ओर ले जाता है।
कार्यक्रम की सबसे बड़ी विशेषता नेपाल बॉर्डर से पधारे राष्ट्रीय संत श्री श्री असंग देव जी महाराज की गरिमामयी उपस्थिति रही। उनके दिव्य प्रवचनों ने पूरे वातावरण को भक्तिमय बना दिया।
अपने संबोधन में संत असंग देव जी महाराज ने कहा कि मानव जीवन का वास्तविक उद्देश्य केवल भौतिक सुख प्राप्त करना नहीं, बल्कि आत्मा की उन्नति और समाज के कल्याण के लिए कार्य करना है।
उन्होंने कहा कि सच्चा सुख और शांति बाहरी साधनों में नहीं, बल्कि अपने भीतर और अच्छे कर्मों में छिपी होती है। जब व्यक्ति धर्म, सत्य और सेवा के मार्ग पर चलता है, तभी उसका जीवन सार्थक बनता है।
मनोहर कुमार यादव ने आयोजकों की सराहना करते हुए कहा कि इस प्रकार के आयोजन समाज को जोड़ने, आपसी प्रेम बढ़ाने और एकता को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने ग्रामीणों से अपील की कि वे अधिक से अधिक संख्या में ऐसे कार्यक्रमों में भाग लें और संतों के विचारों को अपने जीवन में अपनाएं।
इस अवसर पर प्रमुख नवीन कुमार, पंचायत समिति सदस्य उदय पासवान, वार्ड सदस्य देवानंद Kumar, कार्यक्रम संचालक रंजीत कुमार, पूर्व मुखिया प्रत्याशी रौशन कुमार, कुलदीप यादव, मुख्य संयोजक रामानंद शर्मा, विवेकानंद, विरेन्द्र सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण एवं श्रद्धालु मौजूद रहे।
















