एसडीएफ न्यूज ब्यूरो,खगड़िया
खगड़िया विधानसभा क्षेत्र में जलजमाव और कटाव की समस्या अब विकराल रूप ले चुकी है,हर साल हजारों एकड़ फसल बर्बाद हो रही है,किसानों की कमर टूट रही है और गांवों का अस्तित्व तक खतरे में है |
लेकिन अब तक स्थायी समाधान नहीं निकल पाया है,इसी गंभीर स्थिति को देखते हुए सदर विधायक बबलू कुमार मंडल ने राज्य के जल संसाधन मंत्री से मुलाकात कर ठोस और त्वरित कार्रवाई की मांग की है |
कराचीन–बदलाघाट तटबंध के कि.मी.29 से 35 के बीच जलजमाव की समस्या वर्षों से बनी हुई है |
जिससे करीब 7500 एकड़ कृषि भूमि हर साल प्रभावित होती है,विधायक ने इसके स्थायी समाधान के लिए तीन एंटी फ्लड स्लुइश गेट निर्माण की मांग की है,जिसके लिए 6 करोड़ 41 लाख रुपये का प्रस्ताव पहले ही विभाग को भेजा जा चुका है |
लेकिन अब तक स्वीकृति नहीं मिल पाई है,वहीं बागमती नदी का कटाव अब आस्था पर भी चोट कर रहा है,रसौंक पंचायत के तीन गछिया टोला स्थित बड़ी मां कात्यायनी स्थान पर कटाव का खतरा मंडरा रहा है |
मंदिर का एक पिलर पहले ही क्षतिग्रस्त हो चुका है,स्थानीय लोगों में भय और आक्रोश दोनों है,इसके अलावा गंगा नदी के किनारे बसे माथर दियारा क्षेत्र में भी कटाव से तीन पंचायतों के लोग प्रभावित हैं,लोग अपनी जमीन और घर बचाने के लिए संघर्ष कर रहे हैं लेकिन जमीनी स्तर पर अब तक कोई बड़ा काम शुरू नहीं हो पाया है |
विधायक बबलू कुमार मंडल ने साफ कहा है कि यह सिर्फ एक स्थानीय मुद्दा नहीं बल्कि हजारों किसानों,आम लोगों और धार्मिक आस्था से जुड़ा बड़ा संकट है,उन्होंने सरकार से मांग की है कि सभी लंबित योजनाओं को प्राथमिकता के आधार पर मंजूरी देकर तुरंत कार्य शुरू कराया जाए |
अब सबसे बड़ा सवाल यही है कि क्या सरकार खगड़िया की इस गंभीर समस्या पर तुरंत एक्शन लेगी या फिर हर साल की तरह लोग बाढ़,जलजमाव और कटाव की मार झेलते रहेंगे















