एसडीएफ न्यूज ब्यूरो, खगड़िया
खगड़िया जिले में अवध बिहारी संस्कृत महाविद्यालय की लगभग 1034 एकड़ जमीन की बंदोबस्ती और गोशाला मेला बंदोबस्ती में कथित अनियमितताओं को लेकर बड़ा प्रशासनिक एक्शन सामने आया है।
समाजसेवी अभय कुमार गुड्डू के आवेदन पर संज्ञान लेते हुए बिहार के मुख्य सचिव ने आर्थिक अपराध इकाई (EOU), पटना को मामले की विस्तृत जांच के आदेश दिए हैं।
आवेदन में आरोप लगाया गया है कि संस्कृत महाविद्यालय की बहुमूल्य भूमि की बंदोबस्ती प्रक्रिया में नियमों की अनदेखी की गई और पारदर्शिता का अभाव रहा।
साथ ही जमीन का सही मूल्यांकन नहीं होने से सरकारी राजस्व को भारी नुकसान पहुंचा। इसके अलावा गोशाला मेला बंदोबस्ती में भी व्यापक स्तर पर गड़बड़ियों की बात सामने आई है।
मामले में यह भी आरोप है कि बंदोबस्ती प्रक्रिया में मनमाने तरीके से निर्णय लिए गए, जिससे कुछ लोगों को अनुचित लाभ पहुंचाया गया।
इस पूरे प्रकरण में तत्कालीन अनुमंडल पदाधिकारी अमित अनुराग समेत कई अधिकारियों की भूमिका पर भी सवाल उठाए गए हैं।
समेत कई अधिकारियों की भूमिका पर भी सवाल उठाए गए हैं।
मुख्य सचिव के निर्देश के बाद अब आर्थिक अपराध इकाई पूरे मामले की गहराई से जांच करेगी। जांच के दौरान बंदोबस्ती से जुड़े दस्तावेज, निविदा प्रक्रिया, संबंधित अधिकारियों की भूमिका और संभावित राजस्व नुकसान की बारीकी से समीक्षा की जाएगी।
साथ ही जिलाधिकारी, खगड़िया को भी अपने स्तर से जांच कर विस्तृत प्रतिवेदन सौंपने का निर्देश दिया गया है।
यदि जांच में अनियमितता या भ्रष्टाचार की पुष्टि होती है, तो दोषियों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।















