एसडीएफ न्यूज ब्यूरो,खगड़िया
खगड़िया नगर परिषद क्षेत्र अंतर्गत संसारपुर वार्ड संख्या 38 में स्थित “धोबिया खड्डा” नामक पोखर और वार्ड 38 व 37 को जोड़ने वाली सड़क पर अवैध अतिक्रमण का मामला सामने आया है।स्थानीय निवासी दीपक कुमार ने जिला प्रशासन को आवेदन देकर पूरे मामले की जांच कर अतिक्रमण हटाने की मांग की है।
दीपक कुमार ने बताया कि “धोबिया खड्डा” एक बड़ा और महत्वपूर्ण जलस्रोत रहा है, जिसका उपयोग वर्षों से स्थानीय लोग करते रहे हैं।लेकिन धीरे-धीरे कुछ बिचौलियों द्वारा पोखर को भरकर उस पर कब्जा कर लिया गया है।इसके साथ ही स्वर्गीय ब्रह्मदेव चौधरी के घर तक जाने वाली सड़क, जो वार्ड संख्या 38 और 37 को जोड़ती है,उस पर भी अतिक्रमण कर लिया गया है, जिससे लोगों को आवागमन में भारी परेशानी हो रही है।
उन्होंने बताया कि इस मामले को लेकर वे कई बार जिला पदाधिकारी के जनता दरबार में आवेदन दे चुके हैं।19 दिसंबर 2025,2 जनवरी 2026 और 30 जनवरी 2026 को भी आवेदन देकर कार्रवाई की मांग की गई थी।इसके अलावा नगर सभापति कार्यालय में भी शिकायत दर्ज कराई गई थी।
आवेदनकर्ता के अनुसार 6 अप्रैल 2026 को एक बार फिर जनता दरबार में आवेदन देकर जिला प्रशासन से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने और स्थल निरीक्षण कराने की मांग की गई है।इसी क्रम में सोमवार को उन्होंने खगड़िया के नगर विधायक बबलू कुमार मंडल को भी आवेदन सौंपा।
विधायक बबलू कुमार मंडल ने आश्वासन देते हुए कहा कि मामले की जांच कराई जाएगी और यदि अतिक्रमण पाया गया तो उसे हटाकर सड़क और पोखर दोनों को अतिक्रमण मुक्त कराया जाएगा।उन्होंने कहा कि जनता को परेशान होने की जरूरत नहीं है,जांच के बाद उचित कार्रवाई की जाएगी।
दीपक कुमार ने बताया कि इस संबंध में बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को डाक के माध्यम से तथा उपमुख्यमंत्री विजय कुमार सिन्हा को पोर्टल के जरिए भी सूचना दी गई है।साथ ही प्रिंट और इलेक्ट्रॉनिक मीडिया को भी इस समस्या से अवगत कराया गया है।
इस मामले को गंभीरता से लेते हुए खगड़िया के जिला पदाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया है कि पहले खगड़िया नगर परिषद के वार्ड संख्या 38 संसारपुर के कागजात की जांच की जाए और उसके बाद स्थल पर जाकर वास्तविक स्थिति का निरीक्षण किया जाए।यदि सरकारी जमीन और सड़क पर अतिक्रमण पाया जाता है तो उसे शीघ्र अतिक्रमण मुक्त कराया जाए और अतिक्रमण करने वालों के खिलाफ ठोस कार्रवाई की जाए।
जिला पदाधिकारी ने स्पष्ट कहा कि खगड़िया जिले में सरकारी जमीन पर अतिक्रमण किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।बहरहाल,देखना दिलचस्प होगा कि आगे-आगे होता है क्या??

















