एसडीएफ न्यूज ब्यूरो,खगड़िया
खगड़िया सदर विधायक बबलू कुमार मंडल ने मंगलवार को पीएम श्री +2 उच्च विद्यालय, भदास में विद्यालय प्रबंधकारिणी समिति की बैठक की।इस दौरान उन्होंने विद्यालय की समस्याओं को गंभीरता से सुना और उनके समाधान का भरोसा दिलाया।बैठक में पंचायत प्रतिनिधियों,शिक्षकों और ग्रामीणों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया और विद्यालय के विकास से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से उठाया।
बैठक के दौरान स्थानीय लोगों ने विद्यालय में भवन की कमी, चहारदीवारी के अभाव और खेल मैदान को सुदृढ़ करने की मांग रखी।ग्रामीणों का कहना था कि इन बुनियादी सुविधाओं के अभाव में छात्रों को बेहतर शैक्षणिक माहौल नहीं मिल पा रहा है।विधायक ने सभी मांगों को ध्यानपूर्वक सुनते हुए कहा कि शिक्षा के क्षेत्र में किसी भी प्रकार की कमी नहीं रहने दी जाएगी।
सभा को संबोधित करते हुए विधायक बबलू मंडल ने कहा कि “शिक्षा की ज्योत से ही विकास के नए आयाम गढ़े जा सकते हैं।”उन्होंने कहा कि गुणवत्तापूर्ण शिक्षा ही समाज को आगे बढ़ाने का सबसे मजबूत माध्यम है और इसके लिए विद्यालयों का सुदृढ़ होना बेहद जरूरी है।
विधायक ने आश्वासन दिया कि विद्यालय में भवन निर्माण, चहारदीवारी और खेल मैदान के विकास का कार्य जल्द से जल्द शुरू कराया जाएगा।उन्होंने कहा कि इन कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर पूरा किया जाएगा,ताकि छात्रों को बेहतर सुविधाएं मिल सके।
विद्यालय की भूमि से जुड़े विवाद पर भी विधायक ने स्पष्ट रुख अपनाया।उन्होंने कहा कि भूमि विवाद को सुलझाने के लिए स्थानीय स्तर पर आपसी संवाद और समझदारी से समाधान निकाला जाएगा।
उन्होंने ग्रामीणों से अपील की कि वे आपसी सहयोग से इस समस्या का हल निकालें,ताकि विकास कार्यों में कोई बाधा न आए।विधायक ने यह भी बताया कि वे अपने विधानसभा क्षेत्र के विभिन्न विद्यालयों में जाकर शिक्षा समिति की बैठक इसलिए कर रहे हैं,ताकि प्रत्येक विद्यालय की वास्तविक स्थिति को समझ सकें और उसी आधार पर विकास कार्यों की योजना बनाई जा सके।उन्होंने कहा कि उनका लक्ष्य है कि क्षेत्र के सभी विद्यालयों को बेहतर और आदर्श शिक्षण संस्थान के रूप में विकसित किया जाए।
बैठक के अंत में विधायक ने सभी को भरोसा दिलाया कि विद्यालय के विकास के लिए हर संभव प्रयास किए जाएंगे और जल्द ही सकारात्मक बदलाव देखने को मिलेगा।इस मौके पर भदास दक्षिणी की मुखिया पूजा कुमारी,मुखिया प्रतिनिधि संजीव कुमार,सरपंच सुधीर राम, पंचायत समिति सदस्य प्रतिनिधि शनि देव,वार्ड सदस्य प्रतिनिधि नूर हसन, एसएसवीएम भदास के प्राचार्य वकील बाबू,भदास उत्तर के सरपंच नील कमल पटेल,उमेश पटेल,मकसूदन प्रसाद सिंह, राजकुमार साह,विलास चंद्र वर्मा सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

एसडीएफ न्यूज ब्यूरो,खगड़िया













