एसडीएफ न्यूज ब्यूरो, खगड़िया
खगड़िया नगर परिषद ने वार्ड-32 में विकास की नई इबारत लिखी है। नगर सभापति अर्चना कुमारी ने फीता काटकर दो लंबित पीसीसी सड़क निर्माण कार्यों का भव्य उद्घाटन किया।
कुल 21 लाख 48 हजार रुपये की लागत से तैयार हुई इन सड़कों ने स्थानीय लोगों के जीवन में बदलाव की उम्मीद जगाई है।
इन सड़क निर्माण कार्यों में पहली सड़क के लिए 9 लाख 77 हजार 300 रुपये और दूसरी सड़क के लिए 11 लाख 70 हजार 800 रुपये खर्च किए गए। अब वार्ड-32 में बरसात में कीचड़ और जलजमाव जैसी पुरानी समस्याओं से निजात मिलेगी और आवागमन सुगम हो जाएगा।
स्थानीय नागरिकों ने बताया कि वर्षों से यह क्षेत्र कच्ची सड़क और गंदगी के कारण परेशानियों का सामना कर रहा था। बच्चों, बुजुर्गों और मरीजों के लिए इस मार्ग पर चलना विशेष रूप से बरसात के मौसम में कठिन हो जाता था।
अब पक्की सड़कों के निर्माण से यह समस्या हमेशा के लिए खत्म होने की उम्मीद है।
नगर सभापति अर्चना कुमारी ने उद्घाटन समारोह के दौरान कहा-नगर परिषद का उद्देश्य है कि शहर के प्रत्येक वार्ड में बुनियादी सुविधाओं को मजबूत किया जाए।
विकास कार्य योजनाबद्ध और प्राथमिकता के आधार पर किए जा रहे हैं। भविष्य में भी इसी तरह के कार्य तेजी से आगे बढ़ाए जाएंगे ताकि हर वार्ड में सुधार और सुविधा पहुंचे।”
उद्घाटन समारोह में वार्ड पार्षद गुलशन कुमार, जिप सदस्य क्षेत्र संख्या-01 रजनीकांत कुमार यादव, संतोष कुमार, सरिता कुमारी, सोनम कुमारी, केडी सर, रूपेश कुमार, राहुल कुमार, मनीष कुमार सहित बड़ी संख्या में स्थानीय लोग उपस्थित थे।स्थानीय लोगों ने इस पहल की खूब सराहना की और कहा कि अब उन्हें कीचड़ और गंदगी से मुक्ति मिलेगी और दैनिक जीवन आसान होगा। उ
न्होंने उम्मीद जताई कि आने वाले समय में अन्य वार्डों में भी विकास कार्यों को प्राथमिकता दी जाएगी।

एसडीएफ न्यूज ब्यूरो, खगड़िया













