एसडीएफ न्यूज ब्यूरो,खगड़िया
खगड़िया जिला मुख्यालय स्थित लाल बाबू गर्ल्स हाई स्कूल में आज शनिवार को विद्यालय प्रबंधकारिणी समिति की बैठक सदर विधायक बबलू कुमार मंडल की अध्यक्षता में आयोजित की गई।बैठक में विद्यालय की शैक्षणिक व्यवस्था,छात्राओं के सर्वांगीण विकास,आधारभूत सुविधाओं और विद्यालय की विभिन्न समस्याओं पर विस्तार से चर्चा की गई।
इस दौरान विधायक ने शिक्षा के महत्व पर प्रकाश डालते हुए छात्राओं को मेहनत,अनुशासन और लक्ष्य के प्रति समर्पित रहने की प्रेरणा दी।
सभा को संबोधित करते हुए विधायक बबलू कुमार मंडल ने कहा कि किसी भी समाज और राष्ट्र का भविष्य उसके विद्यालयों और वहां पढ़ने वाले बच्चों पर निर्भर करता है।उन्होंने कहा कि विशेष रूप से बेटियों की शिक्षा पर ध्यान देना समय की सबसे बड़ी आवश्यकता है।जब एक बेटी शिक्षित होती है तो केवल एक व्यक्ति नहीं,बल्कि पूरा परिवार और समाज शिक्षित एवं जागरूक बनता है।
विधायक ने छात्राओं को बिहार सरकार द्वारा संचालित विभिन्न कल्याणकारी एवं शैक्षणिक योजनाओं की विस्तार से जानकारी दी।उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री बालिका साइकिल योजना,मुख्यमंत्री बालिका पोशाक योजना,छात्रवृत्ति योजना,मुख्यमंत्री कन्या उत्थान योजना,प्रोत्साहन राशि योजना, निःशुल्क पाठ्यपुस्तक योजना तथा विभिन्न शिक्षा प्रोत्साहन कार्यक्रमों का उद्देश्य बच्चों को शिक्षा से जोड़ना और उन्हें आगे बढ़ने के लिए बेहतर अवसर प्रदान करना है।
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार शिक्षा और महिला सशक्तिकरण के क्षेत्र में ऐतिहासिक कार्य किए हैं।इन्हीं योजनाओं का परिणाम है कि आज बड़ी संख्या में बेटियां विद्यालय और महाविद्यालय तक पहुंच रही हैं तथा विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं और शैक्षणिक क्षेत्रों में उल्लेखनीय सफलता प्राप्त कर रही हैं।
विधायक ने छात्राओं को संबोधित करते हुए कहा कि जीवन में सफलता का कोई शॉर्टकट नहीं होता।मेहनत, लगन और निरंतर अध्ययन ही सफलता की कुंजी है।उन्होंने छात्राओं से कहा कि वे अपने लक्ष्य निर्धारित करें और उसे प्राप्त करने के लिए पूरी ईमानदारी से प्रयास करें।उन्होंने यह भी कहा कि बुरी संगति और नकारात्मक सोच से दूर रहकर शिक्षा को अपनी प्राथमिकता बनाएं।
बैठक के दौरान विद्यालय प्रबंधन एवं स्थानीय लोगों द्वारा विद्यालय की चहारदीवारी सहित अन्य आवश्यक सुविधाओं की मांग उठाई गई।इस पर विधायक ने सकारात्मक रुख अपनाते हुए विद्यालय की समस्याओं को प्राथमिकता के आधार पर दूर कराने का आश्वासन दिया।
उन्होंने कहा कि विद्यालय की चहारदीवारी निर्माण की मांग जायज है और इसके लिए आवश्यक पहल की जाएगी, ताकि विद्यालय परिसर सुरक्षित एवं व्यवस्थित बन सके।विधायक ने कहा कि वे लगातार अपने विधानसभा क्षेत्र के विभिन्न विद्यालयों में जाकर प्रबंधकारिणी समिति की बैठक कर रहे हैं,ताकि विद्यालयों की वास्तविक समस्याओं को समझकर उनका समाधान किया जा सके।उनका उद्देश्य क्षेत्र के सभी विद्यालयों को बेहतर शैक्षणिक संस्थान के रूप में विकसित करना है,जहां छात्रों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के साथ सभी आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध हो सके।
बैठक में जदयू नेता दीपक सिन्हा,उमेश सिंह पटेल,सुनीत चौधरी,लक्ष्मी नारायण राय, यशवंत सिंह पटेल,अजय कुमार,अवध किशोर राय, रामप्रीत साह,निशिकांत कुमार, धर्मवीर कुमार,शशिभूषण कुमार तथा विद्यालय के प्रधानाध्यापक रत्नेश कुमार पटेल सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित थे।
बैठक के अंत में विधायक ने छात्राओं से कहा कि वे अपने माता-पिता,शिक्षकों और विद्यालय का नाम रोशन करने के लिए पूरी निष्ठा से पढ़ाई करें।उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि लाल बाबू गर्ल्स हाई स्कूल की छात्राएं आने वाले दिनों में शिक्षा के क्षेत्र में नई उपलब्धियां हासिल कर जिले और राज्य का गौरव बढ़ाएंगी।

एसडीएफ न्यूज ब्यूरो,खगड़िया
खगड़िया जिला मुख्यालय स्थित लाल बाबू गर्ल्स हाई स्कूल में आज शनिवार को विद्यालय प्रबंधकारिणी समिति की बैठक सदर विधायक बबलू कुमार मंडल की अध्यक्षता में आयोजित की गई।बैठक में विद्यालय की शैक्षणिक व्यवस्था,छात्राओं के सर्वांगीण विकास,आधारभूत सुविधाओं और विद्यालय की विभिन्न समस्याओं पर विस्तार से चर्चा की गई।











