एसडीएफ न्यूज ब्यूरो,खगड़िया
खगड़िया विधानसभा क्षेत्र अंतर्गत माड़र उत्तर पंचायत के सबलपुर गांव में हुई दुखद घटना के बाद मृतक परिवार को राज्य सरकार की ओर से चार लाख रुपये की अनुग्रह अनुदान राशि प्रदान की गई।सदर विधायक बबलू कुमार मंडल ने मृतक सौरभ कुमार के परिजनों को चेक सौंपते हुए उन्हें ढांढस बंधाया और हर संभव सहयोग का भरोसा दिया।
ज्ञात हो कि सबलपुर गांव निवासी शत्रुघ्न कुमार पासवान के पुत्र सौरभ कुमार की बीते शुक्रवार की देर रात मालती धार में डूबने से दर्दनाक मौत हो गई थी।इस घटना के बाद पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई थी।परिजनों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा था।विधायक बबलू कुमार मंडल ने कहा कि इस दुख की घड़ी में राज्य सरकार पूरी संवेदनशीलता के साथ पीड़ित परिवार के साथ खड़ी है।सरकार द्वारा आपदा राहत प्रावधान के तहत चार लाख रुपये की सहायता राशि उपलब्ध कराई गई है,ताकि परिवार को कुछ आर्थिक संबल मिल सके।
उन्होंने कहा कि किसी भी परिवार के लिए अपने युवा पुत्र को खो देना अपूरणीय क्षति है, जिसकी भरपाई संभव नहीं है।हालांकि सरकार का यह प्रयास पीड़ित परिवार को कठिन परिस्थितियों में कुछ राहत प्रदान करने के उद्देश्य से किया गया है।
विधायक ने मृतक सौरभ कुमार को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा कि वे ईश्वर से प्रार्थना करते हैं कि दिवंगत आत्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान दें तथा शोक संतप्त परिवार को इस असहनीय दुख को सहने की शक्ति प्रदान करें।
इस दौरान स्थानीय लोगों ने भी मृतक के प्रति अपनी संवेदनाएं व्यक्त की और परिवार के प्रति सहानुभूति जताई।अंत में विधायक ने कहा कि जनप्रतिनिधि होने के नाते वे हर सुख-दुख में क्षेत्र की जनता के साथ खड़े हैं और जरूरतमंद परिवारों तक सरकारी सहायता पहुंचाने के लिए लगातार प्रयासरत रहेंगे।

एसडीएफ न्यूज ब्यूरो,खगड़िया













