एसडीएफ न्यूज ब्यूरो,खगड़िया
खगड़िया नगर परिषद क्षेत्र में विकास कार्यों का सिलसिला लगातार नई ऊंचाइयों को छू रहा है।नगर के विभिन्न वार्डों में सड़क,नाला,पुलिया,सामुदायिकशौचालय,पार्क,पोखर सौंदर्यीकरण एवं अन्य आधारभूत सुविधाओं से जुड़ी योजनाओं को प्राथमिकता के आधार पर धरातल पर उतारा जा रहा है।
इसी क्रम में नगर परिषद ने वार्ड संख्या-08 एवं वार्ड संख्या-31 के लोगों को करीब ₹34 लाख 68 हजार 53 रुपये की दो महत्वपूर्ण विकास योजनाओं की सौगात दी।नगर सभापति अर्चना कुमारी ने दोनों योजनाओं का विधिवत फीता काटकर उद्घाटन एवं शुभारंभ किया।
सबसे पहले वार्ड संख्या-08 में लगभग ₹27 लाख 48 हजार 53 रुपये की लागत से बनने वाली पीसीसी सड़क निर्माण योजना का शुभारंभ किया गया।इस अवसर पर स्थानीय लोगों ने नगर सभापति का स्वागत करते हुए कहा कि सड़क निर्माण की इस योजना से क्षेत्र की वर्षों पुरानी आवागमन संबंधी समस्याओं का समाधान होगा।बरसात के दिनों में जर्जर सड़क और कीचड़ के कारण लोगों को काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ता था।अब नई पीसीसी सड़क बनने से विद्यार्थियों,महिलाओं,बुजुर्गों और आम नागरिकों को सुरक्षित एवं सुगम आवागमन की सुविधा मिलेगी।
इसके बाद वार्ड संख्या-31 अंतर्गत बलुआही बस स्टैंड के समीप लगभग ₹7 लाख 20 हजार की लागत से निर्मित आरसीसी नाला निर्माण कार्य का उद्घाटन नगर सभापति अर्चना कुमारी द्वारा फीता काटकर किया गया।स्थानीय लोगों ने कहा कि इस नाले के निर्माण से जल निकासी व्यवस्था मजबूत होगी और बरसात के दौरान होने वाले जलजमाव से काफी राहत मिलेगी।साथ ही बस स्टैंड क्षेत्र की स्वच्छता और यातायात व्यवस्था में भी सकारात्मक सुधार आएगा।
उद्घाटन समारोह को संबोधित करते हुए नगर सभापति अर्चना कुमारी ने कहा कि नगर परिषद का उद्देश्य केवल योजनाओं का शिलान्यास या उद्घाटन करना नहीं,बल्कि प्रत्येक वार्ड में मूलभूत सुविधाओं को सुदृढ़ बनाना है।उन्होंने कहा कि सड़क और नाला किसी भी शहर की आधारभूत संरचना की रीढ़ होते हैं।इसलिए नगर परिषद लगातार ऐसे कार्यों को प्राथमिकता दे रही है,जिनका सीधा लाभ आम जनता को मिले।
उन्होंने कहा कि नगर परिषद क्षेत्र के सभी वार्डों में बिना किसी भेदभाव के योजनाबद्ध तरीके से विकास कार्य कराए जा रहे हैं।सड़क,नाला,पुलिया, सामुदायिक शौचालय,पार्क, पोखर सौंदर्यीकरण,प्रकाश व्यवस्था एवं अन्य जनहित की योजनाओं पर तेजी से कार्य चल रहा है।आने वाले समय में भी कई महत्वपूर्ण परियोजनाओं का लाभ नगरवासियों को मिलेगा।
नगर सभापति ने कहा कि नगर परिषद की प्राथमिकता केवल वर्तमान की समस्याओं का समाधान करना नहीं है,बल्कि भविष्य की आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए स्थायी एवं गुणवत्तापूर्ण आधारभूत संरचना का निर्माण करना है।उन्होंने अधिकारियों एवं संवेदकों को निर्माण कार्यों में गुणवत्ता बनाए रखने और समय पर कार्य पूर्ण करने का भी निर्देश दिया।
कार्यक्रम में सभापति प्रतिनिधि ज्योतिष मिश्रा,वार्ड पार्षद प्रणव कुमार,वार्ड पार्षद ऋतुराज कुमार,वार्ड पार्षद पप्पू यादव, वार्ड पार्षद गुलशन कुमार, धर्मवीर सहनी,कुंजबिहारी पासवान,राजेश कुमार सहनी, निरंजन ठाकुर,चंदन चौधरी, दिनेश सहनी,बबलू सहनी सहित बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक एवं गणमान्य लोग उपस्थित रहे।सभी ने नगर परिषद द्वारा लगातार कराए जा रहे विकास कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि नगर की तस्वीर तेजी से बदल रही है।स्थानीय लोगों ने कहा कि इन दोनों योजनाओं के पूरा होने से न केवल आधारभूत सुविधाओं का विस्तार होगा,बल्कि लोगों के दैनिक जीवन में भी सकारात्मक बदलाव आएगा।बेहतर सड़क से आवागमन आसान होगा,वहीं मजबूत नाला व्यवस्था से जलजमाव की समस्या में कमी आएगी।करीब ₹34.68 लाख की इन दोनों योजनाओं के साथ नगर परिषद खगड़िया ने एक बार फिर यह संदेश दिया है कि विकास कार्य केवल घोषणाओं तक सीमित नहीं हैं,बल्कि योजनाबद्ध तरीके से उन्हें धरातल पर उतारकर प्रत्येक वार्ड को आधुनिक और सुविधा संपन्न बनाने का कार्य निरंतर जारी है।

एसडीएफ न्यूज ब्यूरो,खगड़िया













