एसडीएफ न्यूज ब्यूरो,खगड़िया
लोकसभा क्षेत्र अंतर्गत बेलदौर प्रखंड के कैंजरी पंचायत स्थित जिला परिषद क्षेत्र संख्या–11 में लंबे समय से विवादों के कारण रुकी हुई ₹45 लाख की सड़क निर्माण योजना को आखिरकार नई गति मिल गई है। जिला परिषद सदस्य कृष्णा कुमारी यादव की पहल पर आयोजित स्थल निरीक्षण एवं सर्वदलीय-सर्वसमाज बैठक के बाद सभी संबंधित पक्षों के बीच आपसी सहमति बन गई, जिससे योजना के क्रियान्वयन का मार्ग प्रशस्त हो गया।
जानकारी के अनुसार, जिला परिषद की अनुशंसा से स्वीकृत यह सड़क निर्माण योजना स्थानीय विवाद के कारण लंबे समय से लंबित थी। योजना के रुके रहने से क्षेत्र के लोगों को आवागमन में भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा था। बरसात के दिनों में स्थिति और भी गंभीर हो जाती थी, जिससे विद्यार्थियों, किसानों, महिलाओं, बुजुर्गों एवं मरीजों को कठिनाइयों का सामना करना पड़ता था।
इसी को देखते हुए जिला परिषद सदस्य कृष्णा कुमारी यादव स्वयं मौके पर पहुँचीं और योजना का स्थल निरीक्षण किया। इसके बाद उन्होंने सभी संबंधित पक्षों, सम्मानित ग्रामीणों, सामाजिक कार्यकर्ताओं एवं स्थानीय लोगों के साथ सौहार्दपूर्ण वातावरण में विस्तृत बैठक की।
बैठक में सभी पक्षों की बात गंभीरता से सुनी गई और विकास को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए आपसी सहमति से विवाद का समाधान कराया गया।
बैठक के बाद कृष्णा कुमारी यादव ने कहा कि विकास कार्य किसी भी परिस्थिति में बाधित नहीं होने दिए जाएंगे। जनता की सुविधा और क्षेत्र का विकास उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता है।
उन्होंने विश्वास जताया कि अब आगामी सात दिनों के भीतर सड़क निर्माण कार्य शुरू हो जाएगा, जिससे वर्षों से चली आ रही समस्या का स्थायी समाधान होगा।
स्थल निरीक्षण के दौरान उन्होंने क्षेत्र के लोगों से आत्मीय मुलाकात भी की तथा उनकी समस्याओं, सुझावों और विकास संबंधी अपेक्षाओं को सुना। उन्होंने अधिकारियों से विकास योजनाओं को समयबद्ध तरीके से पूरा कराने और गुणवत्ता के साथ निर्माण कार्य सुनिश्चित करने पर भी बल दिया।
क्षेत्रवासियों ने सड़क निर्माण का रास्ता साफ होने पर खुशी जताई और कहा कि यह योजना पूरे इलाके के लिए बेहद महत्वपूर्ण है। लोगों ने उम्मीद व्यक्त की कि निर्माण कार्य समय पर पूरा होने से आवागमन की समस्या दूर होगी और क्षेत्र के विकास को नई गति मिलेगी।
कृष्णा कुमारी यादव ने कहा कि जनता का विश्वास ही उनकी सबसे बड़ी पूंजी है। उन्होंने दोहराया कि क्षेत्र के समग्र विकास, जनहित और प्रत्येक नागरिक की अपेक्षाओं को पूरा करने के लिए वे निरंतर कार्य करती रहेंगी।
उन्होंने सभी ग्रामीणों से विकास कार्यों में सहयोग और आपसी सौहार्द बनाए रखने की अपील भी की।

एसडीएफ न्यूज ब्यूरो,खगड़िया





















