एसडीएफ न्यूज ब्यूरो, खगड़िया
खगड़िया विधायक बबलू कुमार मंडल के कचहरी रोड स्थित प्रधान कार्यालय में सोमवार को महान समाजवादी विचारक एवं स्वतंत्रता सेनानी डॉ. राममनोहर लोहिया की जयंती धूमधाम से मनाई गई। इस अवसर पर विधायक ने उनके तैल चित्र पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी और उनके व्यक्तित्व एवं कृतित्व पर विस्तार से प्रकाश डाला।
सभा को संबोधित करते हुए विधायक बबलू कुमार मंडल ने कहा कि डॉ. लोहिया भारतीय राजनीति के ऐसे महान नेता थे, जिन्होंने अपना पूरा जीवन समाज के अंतिम पायदान पर खड़े लोगों के अधिकारों के लिए समर्पित कर दिया।
वे केवल एक राजनेता ही नहीं, बल्कि एक दूरदर्शी चिंतक और सच्चे समाज सुधारक भी थे।
उन्होंने बताया कि डॉ. लोहिया का जन्म 23 मार्च 1910 को हुआ था और बचपन से ही उनमें देशभक्ति की भावना प्रबल थी।उन्होंने स्वतंत्रता संग्राम में सक्रिय भूमिका निभाई और महात्मा गांधी के साथ मिलकर आजादी की लड़ाई लड़ी। इस दौरान वे कई बार जेल भी गए, लेकिन अपने सिद्धांतों से कभी समझौता नहीं किया।
विधायक ने कहा कि डॉ. लोहिया समाजवादी विचारधारा के प्रणेता थे और उन्होंने समाज में समानता, न्याय एवं समरसता स्थापित करने के लिए निरंतर संघर्ष किया।
उनका मानना था कि जब तक कमजोर वर्गों को बराबरी का अधिकार नहीं मिलेगा, तब तक वास्तविक लोकतंत्र की स्थापना संभव नहीं है।
उन्होंने कहा कि नीतीश कुमार ने उनके आदर्शों पर चलते हुए सामाजिक न्याय के साथ सर्वांगीण विकास को आगे बढ़ाया है। आज के दौर में डॉ. लोहिया के विचार और भी अधिक प्रासंगिक हो गए हैं।
कार्यक्रम में उपस्थित लोगों ने भी डॉ. लोहिया को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए उनके बताए मार्ग पर चलने का संकल्प लिया। अंत में विधायक बबलू कुमार मंडल ने सभी को धन्यवाद देते हुए कहा कि डॉ. लोहिया के विचार हमेशा समाज को दिशा देते रहेंगे।
मौके पर जदयू प्रदेश राजनीतिक सलाहकार समिति सदस्य नीलम वर्मा व दीपक सिन्हा,अतिपिछड़ा प्रकोष्ठ के प्रदेश महासचिव उमेश सिंह पटेल, जदयू जिला प्रवक्ता आचार्य राकेश पासवान शास्त्री,जिला कोषाध्यक्ष संदीप केडिया,छात्र संघ के जिलाध्यक्ष सिद्धांत कुमार छोटू, जिला महासचिव पंकज कुमार उर्फ पिंकू सिंह, पंकज चौधरी,राजीव कुमार, सुमित कुमार, नवनीत कुमार सिंह,रंजन कुमार,संतोष कुमार साह आदि लोग मौजूद थे।















