
एसडीएफ न्यूज ब्यूरो,खगड़िया
खगड़िया जिला अंतर्गत परबत्ता प्रखंड के सियादतपुर अगुवानी पंचायत अंतर्गत डुमरिया बुजुर्ग गांव मंगलवार को पूरी तरह सुरक्षा के घेरे में रहा।दिवंगत चंद्रकला देवी की श्रद्धांजलि सभा में मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के आगमन को लेकर गांव से लेकर अगुवानी गंगा घाट तक का इलाका पुलिस छावनी में तब्दील नजर आया।हर चौराहे, सड़क और संपर्क मार्ग पर पुलिस बल की तैनाती और सघन जांच व्यवस्था ने पूरे इलाके को हाई अलर्ट जोन में बदल दिया।
मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी हेलिपैड से निर्माणाधीन अगुवानी स्थल पर उतरे और वहां से अगुवानी- सुल्तानगंज पुल का हवाई सर्वेक्षण भी किया।इसके बाद वे स्थानीय विधायक बाबूलाल शौर्य के आवास पहुंचे,जहां दिवंगत चंद्रकला देवी के तैलीय चित्र पर पुष्प अर्पित कर भावभीनी श्रद्धांजलि दी।उनके साथ उपमुख्यमंत्री विजय चौधरी भी मौजूद रहे,जिन्होंने नतमस्तक होकर श्रद्धासुमन अर्पित किए।
सीएम के दौरे को लेकर खीराडीह गांव के निर्माणाधीन अप्रोच पथ से लेकर डुमरिया बुजुर्ग तक कई स्तरों पर सुरक्षा घेरा बनाया गया था।जगह- जगह मजिस्ट्रेट,पुलिस पदाधिकारी और सिविल अधिकारी तैनात रहे।श्रद्धांजलि स्थल पर विशेष सुरक्षा व्यवस्था के बीच कार्यक्रम संपन्न हुआ।श्रद्धांजलि सभा में एनडीए कार्यकर्ताओं समेत हजारों की भीड़ उमड़ पड़ी।पूरे आयोजन स्थल पर“सम्राट चौधरी जिंदाबाद”और “भाजपा जिंदाबाद” के नारों से माहौल गूंजता रहा।भीड़ का उत्साह और जनसैलाब इस बात का संकेत दे रहा था कि दिवंगत चंद्रकला देवी के प्रति लोगों के मन में गहरी श्रद्धा और सम्मान आज भी कायम है।
इस अवसर पर उनके पुत्र ॐ तत्सत महाराज,डॉ. कृष्ण कुमार,डॉ. अखिलेश कुमार,पूर्व मुखिया रीना देवी,इंजीनियर सौरभ कुमार उर्फ छोटू,पवन चौधरी,जिला परिषद सदस्य शैलेन्द्र कुमार शैलेश,रुपेश कुमार उर्फ पिंटू समेत बड़ी संख्या में गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
कुल मिलाकर,श्रद्धांजलि सभा एक ओर जहां भावनाओं से ओत-प्रोत रही,वहीं दूसरी ओर मुख्यमंत्री के आगमन ने पूरे क्षेत्र को राजनीतिक और प्रशासनिक गतिविधियों का केंद्र बना दिया।


















