एसडीएफ न्यूज ब्यूरो,खगड़िया
खगड़िया:जिले के शहरी उपभोक्ताओं को रसोई गैस सिलेंडर की गंभीर किल्लत का सामना करना पड़ रहा है।सरकार द्वारा जारी दिशा-निर्देश के अनुसार शहरी उपभोक्ताओं को 25 दिनों के भीतर गैस सिलेंडर उपलब्ध कराया जाना अनिवार्य है,लेकिन जमीनी हकीकत इससे बिल्कुल अलग दिखाई दे रही है।उपभोक्ताओं को 45 दिनों से भी अधिक समय बाद गैस सिलेंडर उपलब्ध कराया जा रहा है,जिससे हजारों परिवारों की दैनिक जिंदगी प्रभावित हो रही है।
नतीजतन,नगर पंचायत मानसी सहित जिले के कई शहरी क्षेत्रों में उपभोक्ताओं के बीच भारी आक्रोश व्याप्त है।लोगों का कहना है कि एक घरेलू सिलेंडर में 50 दिनों तक खाना बनाना संभव नहीं है।गरीब एवं मध्यमवर्गीय परिवारों के सामने रसोई चलाना चुनौती बन गया है।कई घरों में मजबूरीवश लकड़ी,कोयला एवं अन्य पारंपरिक ईंधनों का उपयोग किया जा रहा है,जिससे महिलाओं एवं बच्चों के स्वास्थ्य पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ रहा है।
समाजसेवी सह RTI कार्यकर्ता अभय कुमार गुड्डू ने इस गंभीर जनसमस्या को लेकर जिलाधिकारी एवं अनुमंडल पदाधिकारी खगड़िया को ईमेल के माध्यम से विस्तृत आवेदन भेजकर शीघ्र समाधान की मांग उठाई है।आवेदन में स्पष्ट उल्लेख किया गया है कि पिछले कई महीनों से गैस आपूर्ति व्यवस्था चरमराई हुई है और उपभोक्ताओं को समय पर सिलेंडर नहीं मिल पा रहा है।
अभय कुमार गुड्डू ने बताया कि लगभग एक माह पूर्व खगड़िया के अनुमंडल पदाधिकारी से इस विषय पर वार्ता हुई थी,जिसमें शीघ्र समाधान का आश्वासन दिया गया था।इसके बावजूद आज तक स्थिति में कोई सुधार नहीं हुआ है।उपभोक्ताओं का कहना है कि प्रशासनिक अधिकारी केवल आश्वासन और कागजी बयानबाजी तक सीमित हैं,जबकि आम जनता लगातार परेशानियों का सामना कर रही है।
उन्होंने कहा कि यदि सरकार स्वयं 25 दिनों में गैस सिलेंडर उपलब्ध कराने का नियम बनाती है तो उसका पालन धरातल पर सुनिश्चित करना भी प्रशासन की जिम्मेदारी है।नियमों का पालन नहीं होना आम जनता के साथ अन्याय है।लगातार हो रही देरी के कारण कई परिवारों का घरेलू बजट बिगड़ गया है।लोग महंगे दामों पर वैकल्पिक ईंधन खरीदने को मजबूर हो रहे हैं।
प्रेस विज्ञप्ति के माध्यम से प्रशासन से मांग की गई है कि जिले की सभी गैस एजेंसियों की जांच कर पारदर्शी एवं जवाबदेह व्यवस्था लागू की जाए,ताकि प्रत्येक उपभोक्ता को निर्धारित समय सीमा के भीतर गैस सिलेंडर उपलब्ध कराया जा सके।साथ ही गैस वितरण प्रणाली में व्याप्त अनियमितताओं पर तत्काल कार्रवाई की जाए।
समाजसेवी अभय कुमार गुड्डू ने कहा कि यह केवल एक व्यक्ति की समस्या नहीं,बल्कि खगड़िया जिले के लाखों शहरी उपभोक्ताओं की आवाज है।यदि जल्द समाधान नहीं हुआ तो आम जनता के साथ मिलकर लोकतांत्रिक तरीके से व्यापक आंदोलन चलाया जाएगा।उन्होंने जिला प्रशासन से अविलंब हस्तक्षेप कर आम जनता को राहत दिलाने की मांग की है।

एसडीएफ न्यूज ब्यूरो,खगड़िया













