एसडीएफ न्यूज ब्यूरो,खगड़िया
खगड़िया नगर परिषद क्षेत्र अंतर्गत संसारपुर वार्ड संख्या-38स्थित सरकारी पोखर “धोबिया खड़ा” एवं सार्वजनिक सड़क पर कथित अतिक्रमण के मामले में अनुमंडल लोक शिकायत निवारण पदाधिकारी विवेक सुगंध ने गंभीर रुख अपनाते हुए जांच के आदेश दिए हैं।मामले की अगली सुनवाई 5 जून को निर्धारित की गई है।
सुनवाई के दौरान पदाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निष्पक्ष एवं तथ्यात्मक जांच कर शीघ्र रिपोर्ट प्रस्तुत करने का निर्देश दिया।उन्होंने स्पष्ट किया कि जांच में जो भी व्यक्ति दोषी पाए जाएंगे,उनके विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
पदाधिकारी ने यह भी सवाल उठाया कि वर्षों से सरकारी पोखर पर अतिक्रमण कैसे जारी रहा और स्वर्गीय ब्रह्मदेव चौधरी के घर तक जाने वाले रास्ते को किस प्रकार बाधित किया गया!
उन्होंने पूरे मामले की विस्तृत जांच कर जिम्मेदार लोगों की पहचान करने का निर्देश दिया।शिकायतकर्ता दीपक कुमार ने आरोप लगाया कि लगभग 4 से 5 बीघा सरकारी भूमि पर कब्जा करने का प्रयास किया जा रहा है,जिससे वर्षों पुराना धोबिया खड़ा पोखर धीरे-धीरे समाप्त होने की स्थिति में पहुंच गया है।
उन्होंने बताया कि जहां पहले सड़क थी,वहां अब कचरा,गोबर और गंदगी जमा है,जिससे स्थानीय लोगों को भारी परेशानी हो रही है।लोक शिकायत निवारण पदाधिकारी विवेक सुगंध ने कहा कि यदि सरकारी अभिलेखों में उक्त भूमि पोखर के रूप में दर्ज है,तो उसका अस्तित्व हर हाल में बहाल किया जाएगा।उन्होंने कहा कि सरकारी संपत्ति की रक्षा प्रशासन की प्राथमिकता है और किसी भी प्रकार का अतिक्रमण बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
मामले में शिकायतकर्ता दीपक कुमार को अगली सुनवाई तक उपस्थित रहने का निर्देश दिया गया है।वहीं संबंधित अंचल अधिकारी को भी सुनवाई के दौरान उपस्थित रहने को कहा गया है।स्थानीय लोगों का मानना है कि यदि धोबिया खड़ा पोखर को अतिक्रमण मुक्त कर पुनर्जीवित किया जाता है,तो इससे जल संरक्षण को बढ़ावा मिलेगा और समाज के सभी वर्गों को भविष्य में इसका लाभ मिलेगा।प्रशासनिक सक्रियता के बाद वार्ड संख्या-38 में इस मामले को लेकर चर्चा तेज हो गई है।बहरहाल,देखना दिलचस्प होगा कि,आगे-आगे होता है क्या?

एसडीएफ न्यूज ब्यूरो,खगड़िया














