एसडीएफ न्यूज ब्यूरो,खगड़िया
खगड़िया नगर परिषद क्षेत्र में विकास कार्यों की गति लगातार तेज हो रही है।शहर के विभिन्न वार्डों में सड़क,नाला,पुलिया, सामुदायिक शौचालय,पोखर सौंदर्यीकरण एवं अन्य आधारभूत सुविधाओं से जुड़ी योजनाओं को तेजी से धरातल पर उतारा जा रहा है।इसी क्रम में वार्ड संख्या-15 को करीब ₹64 लाख 28 हजार 528 की दो महत्वपूर्ण विकास योजनाओं की बड़ी सौगात मिली।
नगर सभापति अर्चना कुमारी ने दाननगर में आयोजित समारोह में दोनों योजनाओं का विधिवत उद्घाटन एवं शुभारंभ किया।कार्यक्रम में बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिकों, जनप्रतिनिधियों एवं सामाजिक कार्यकर्ताओं की उपस्थिति रही।क्षेत्रवासियों ने नगर सभापति का स्वागत करते हुए इन योजनाओं को वार्ड के विकास की दिशा में ऐतिहासिक कदम बताया।
सबसे पहले दाननगर मुख्य मार्ग में करीब ₹29 लाख 90 हजार 244 की लागत से बनने वाले आरसीसी नाला निर्माण कार्य का उद्घाटन किया गया।लंबे समय से इस क्षेत्र के लोगों को जल निकासी की समस्या से जूझना पड़ता था।बरसात के मौसम में सड़क पर पानी जमा हो जाने से आवागमन बाधित हो जाता था और लोगों को काफी परेशानी होती थी।स्थानीय लोगों ने उम्मीद जताई कि नाला निर्माण पूरा होने के बाद जलजमाव की समस्या का स्थायी समाधान होगा।
इसके बाद दाननगर में ही करीब ₹34 लाख 38 हजार 284 की लागत से बनने वाली पीसीसी सड़क एवं आरसीसी नाला निर्माण योजना का शुभारंभ किया गया।इस योजना से क्षेत्र की सड़क व्यवस्था मजबूत होने के साथ-साथ जल निकासी व्यवस्था में भी व्यापक सुधार होगा।स्थानीय नागरिकों ने कहा कि यह सड़क वर्षों से जर्जर थी और बरसात में लोगों को काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ता था।अब नई सड़क और नाला बनने से पूरे मोहल्ले की तस्वीर बदल जाएगी।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए नगर सभापति अर्चना कुमारी ने कहा कि नगर परिषद का लक्ष्य केवल विकास योजनाओं की घोषणा करना नहीं,बल्कि उन्हें समयबद्ध तरीके से धरातल पर उतारना है।उन्होंने कहा कि नगर परिषद क्षेत्र के सभी वार्डों में बिना किसी भेदभाव के विकास कार्य कराए जा रहे हैं।जनता की मूलभूत आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए सड़क,नाला, पुलिया,सामुदायिक शौचालय, जल निकासी,सौंदर्यीकरण तथा अन्य आधारभूत सुविधाओं पर लगातार कार्य किया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि सड़क और नाला किसी भी क्षेत्र के विकास की आधारशिला होते हैं।यदि सड़क बेहतर होगी और जल निकासी की समुचित व्यवस्था होगी तो लोगों का जीवन स्तर स्वतः बेहतर होगा।नगर परिषद का प्रयास है कि प्रत्येक वार्ड को योजनाबद्ध तरीके से विकसित किया जाए और नागरिकों को बेहतर बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं।
नगर सभापति ने कहा कि नगर परिषद खगड़िया लगातार विकास का नया इतिहास लिख रही है।करोड़ों रुपये की योजनाएं धरातल पर उतर रही हैं और आने वाले दिनों में भी कई बड़ी परियोजनाओं का लाभ नगरवासियों को मिलेगा।उन्होंने कहा कि विकास की यह यात्रा जनता के सहयोग और विश्वास से निरंतर आगे बढ़ रही है।
कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रही वार्ड पार्षद कविता देवी ने नगर सभापति अर्चना कुमारी का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि दाननगर क्षेत्र के लोगों की वर्षों पुरानी मांग आज पूरी हो रही है।इन योजनाओं से हजारों लोगों को सीधा लाभ मिलेगा और क्षेत्र का समग्र विकास सुनिश्चित होगा।
कार्यक्रम में वार्ड पार्षद पप्पू यादव,वार्ड पार्षद प्रतिनिधि विनय पटेल,जदयू नेता सावन कुमार बंटी,मृत्युंजय कुमार,झींटू पटेल,साहिल सिंघम,सोनू कुमार,धर्मेंद्र शास्त्री,कृष्णकांत कुमार,नलिन कुमार,पृथ्वी पटेल,अनीश रॉय,ऋतिक पटेल, रोहित रजक सहित बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।सभी ने विकास कार्यों के लिए नगर परिषद की सराहना करते हुए कहा कि लगातार हो रहे निर्माण कार्यों से खगड़िया की तस्वीर बदल रही है।स्थानीय लोगों ने विश्वास व्यक्त किया कि दोनों योजनाओं के पूर्ण होने के बाद दाननगर क्षेत्र में जलजमाव,टूटी सड़कों और आवागमन की समस्याओं से स्थायी राहत मिलेगी।साथ ही क्षेत्र का समग्र विकास होगा और नागरिकों को बेहतर जीवन स्तर उपलब्ध होगा।करीब ₹64.28 लाख की लागत से शुरू हुई इन दोनों महत्वाकांक्षी योजनाओं के साथ वार्ड संख्या-15 विकास के एक नए दौर में प्रवेश कर चुका है।नगर परिषद खगड़िया द्वारा किए जा रहे ये कार्य न केवल आधारभूत संरचना को मजबूत कर रहे हैं,बल्कि यह भी दर्शाते हैं कि योजनाबद्ध विकास के माध्यम से शहर के प्रत्येक वार्ड को आधुनिक सुविधाओं से जोड़ने का प्रयास निरंतर जारी है।

एसडीएफ न्यूज ब्यूरो,खगड़िया













