एसडीएफ न्यूज ब्यूरो ,खगड़िया
जदयू नेता सुमित सिंह ने मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी से शिष्टाचार मुलाकात कर खगड़िया जिले के विकास एवं जनहित से जुड़े कई महत्वपूर्ण मुद्दों को प्रमुखता से रखा। इस दौरान उन्होंने रोजगार, आधारभूत संरचना और बाढ़-कटाव जैसी समस्याओं के स्थायी समाधान की दिशा में राज्य सरकार से आवश्यक पहल करने का आग्रह किया।
मुलाकात के दौरान सुमित सिंह ने मानसी रेलवे रिटायर्ड बांध के अंतर्गत परमानंदपुर से पूर्वी ठाठा (NH-31) तक फैली रेलवे की हजारों एकड़ भूमि का राज्य सरकार द्वारा अधिग्रहण कर वहां औद्योगिक क्षेत्र स्थापित करने का प्रस्ताव रखा। उन्होंने कहा कि इससे खगड़िया सहित आसपास के कई जिलों के युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर सृजित होंगे तथा दो लेन बाईपास सड़क के निर्माण से क्षेत्र के विकास को नई गति मिलेगी।
इसके अलावा उन्होंने समाहरणालय, खगड़िया में जिला पदाधिकारी एवं आरक्षी अधीक्षक से मिलने आने वाले आम नागरिकों, जनप्रतिनिधियों एवं राजनीतिक कार्यकर्ताओं की सुविधा के लिए एक आधुनिक वेटिंग हॉल के निर्माण की मांग की।
सुमित सिंह ने खगड़िया विधानसभा क्षेत्र के रहीमपुर के समीप गंगा नदी के लगातार हो रहे भीषण कटाव का मुद्दा भी उठाते हुए राज्य सरकार से तत्काल प्रभावी एवं स्थायी समाधान की दिशा में कार्रवाई करने का अनुरोध किया।
उन्होंने कहा कि खगड़िया के समग्र विकास, युवाओं के रोजगार, किसानों की सुरक्षा तथा आम जनता की सुविधाओं को लेकर उनका प्रयास निरंतर जारी रहेगा।
मुख्यमंत्री ने सभी मांगों को गंभीरता से सुना और जनहित से जुड़े विषयों पर सकारात्मक पहल का भरोसा दिलाया।

एसडीएफ न्यूज ब्यूरो ,खगड़िया














