एसडीएफ न्यूज ब्यूरो, खगड़िया
खगड़िया नगर परिषद क्षेत्र में विकास कार्यों का पहिया लगातार तेज गति से आगे बढ़ रहा है।नगर के सभी वार्डों में आधारभूत सुविधाओं के विस्तार के लिए करोड़ों रुपये की योजनाएं धरातल पर उतर रही हैं।इसी कड़ी में वार्ड संख्या-04 अंतर्गत शेखपुरा के लोगों को एक और बड़ी विकास सौगात मिली है।नगर सभापति अर्चना कुमारी ने करीब ₹20 लाख 41 हजार 394 की लागत से बनने वाले आरसीसी नाला एवं पीसीसी सड़क निर्माण कार्य का विधिवत पूजा-अर्चना एवं नारियल फोड़कर शिलान्यास किया।
शिलान्यास के साथ ही स्थानीय लोगों में खुशी की लहर दौड़ गई।वर्षों से खराब सड़क और जल निकासी की समस्या से जूझ रहे लोगों ने इस योजना का स्वागत करते हुए कहा कि इसके पूरा होने के बाद पूरे मोहल्ले की तस्वीर बदल जाएगी।बरसात के दिनों में जहां सड़क पर जलजमाव और कीचड़ के कारण लोगों का घरों से निकलना मुश्किल हो जाता था,वहीं अब मजबूत आरसीसी नाला एवं पीसीसी सड़क बनने से इस समस्या का स्थायी समाधान होगा।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए नगर सभापति अर्चना कुमारी ने कहा कि नगर परिषद खगड़िया का संकल्प है कि प्रत्येक वार्ड में बिना किसी भेदभाव के विकास कार्य कराए जाएं।उन्होंने कहा कि विकास का वास्तविक उद्देश्य आम नागरिकों को बेहतर जीवन,बेहतर सड़क, बेहतर जल निकासी और स्वच्छ वातावरण उपलब्ध कराना है।इसी सोच के साथ नगर परिषद लगातार योजनाओं को धरातल पर उतार रही है।
उन्होंने कहा कि सड़क और नाला किसी भी क्षेत्र की जीवनरेखा होते हैं।जहां बेहतर सड़क होगी,वहां आवागमन सुगम होगा और मजबूत नाला बनने से जलजमाव की समस्या समाप्त होगी।नगर परिषद का प्रयास है कि विकास कार्य केवल कागजों तक सीमित न रहें,बल्कि हर मोहल्ले और हर परिवार तक उनका लाभ पहुंचे।
नगर सभापति ने कहा कि वर्तमान समय में नगर परिषद खगड़िया क्षेत्र के लगभग सभी वार्डों में सड़क,नाला,पुलिया, सामुदायिक शौचालय,पार्क, पोखर सौंदर्यीकरण,हाईमास्ट लाइट,डेकोरेटिव लाइट एवं अन्य जनहित की योजनाओं पर तेजी से कार्य चल रहा है।आने वाले समय में भी कई नई परियोजनाओं का शिलान्यास एवं उद्घाटन किया जाएगा।
उन्होंने संवेदकों एवं विभागीय अधिकारियों को निर्देश दिया कि निर्माण कार्य पूरी गुणवत्ता,पारदर्शिता एवं निर्धारित समय सीमा के भीतर पूरा किया जाए।गुणवत्ता से किसी भी प्रकार का समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा और यदि किसी योजना में अनियमितता पाई गई तो संबंधित लोगों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए वार्ड पार्षद सीमा सिन्हा ने नगर सभापति अर्चना कुमारी का आभार व्यक्त किया और कहा कि यह योजना वार्ड संख्या-04 के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण है।इससे क्षेत्र के हजारों लोगों को प्रत्यक्ष लाभ मिलेगा तथा वर्षों पुरानी सड़क एवं जल निकासी की समस्या समाप्त होगी।
शिलान्यास समारोह में वार्ड पार्षद अमित कुमार सिंहा, वार्ड पार्षद पप्पू यादव,वार्ड पार्षद रंजीत कुमार,पैक्स अध्यक्ष राजनीति यादव, अमरेश पटेल,राजीव कुमार, नीरज कुमार,रोहित कुमार, शिवम कुमार सहित बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक एवं गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
स्थानीय लोगों ने नगर परिषद द्वारा लगातार कराए जा रहे विकास कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि नगर सभापति अर्चना कुमारी के नेतृत्व में खगड़िया नगर परिषद विकास की नई इबारत लिख रही है।एक के बाद एक विकास योजनाओं के शिलान्यास और उद्घाटन से पूरे नगर क्षेत्र में आधारभूत सुविधाओं का तेजी से विस्तार हो रहा है।करीब ₹20.41 लाख की लागत से बनने वाली यह आरसीसी नाला एवं पीसीसी सड़क निर्माण योजना वार्ड संख्या-04 के विकास में एक महत्वपूर्ण मील का पत्थर साबित होगी।योजना पूर्ण होने के बाद शेखपुरा में आवागमन सुगम होगा,जलजमाव की समस्या समाप्त होगी और पूरे क्षेत्र को एक नई पहचान मिलेगी।

एसडीएफ न्यूज ब्यूरो, खगड़िया













