एसडीएफ न्यूज ब्यूरो, खगड़िया
खगड़िया नगर परिषद के नगर सभापति कार्यालय में आयोजित सशक्त स्थायी समिति की महत्वपूर्ण बैठक में जनहित एवं नगर विकास से जुड़े सभी 9 एजेंडों पर समिति ने अपनी मुहर लगा दी।बैठक में नागरिक सेवाओं को समयबद्ध बनाने, सार्वजनिक सुविधाओं के विस्तार,यातायात व्यवस्था को बेहतर करने,शहर के सौंदर्यीकरण तथा वार्डों में विकास योजनाओं को गति देने सहित कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए।
बैठक में नगर सभापति अर्चना कुमारी,उपसभापति शबनम जबीन,कार्यपालक पदाधिकारी सिंधु कमल,नगर प्रबंधक मुकेश कुमार तथा सशक्त स्थायी समिति के सदस्य शिवराज यादव,रूबी कुमारी,शोभा देवी,जवाहर लाल यादव एवं बबलू कुमार मौजूद रहे।
नागरिक सेवाओं के लिए तय होगी समय-सीमा
बैठक में जन्म-मृत्यु प्रमाणपत्र,भवन नक्शा,राशन कार्ड,कबीर अंत्येष्टि सहित विभिन्न जनहितकारी कार्यों के निष्पादन के लिए समय-सीमा निर्धारित करने एवं संबंधित कर्मियों की जवाबदेही तय करने के प्रस्ताव को मंजूरी दी गई।इससे लोगों को अपने कार्यों के लिए अनावश्यक रूप से नगर परिषद कार्यालय का चक्कर लगाने से राहत मिलने की उम्मीद है।
छह डीलक्स शौचालय PPP मोड पर
शहर में नागरिक सुविधाओं के विस्तार के लिए छह डीलक्स सार्वजनिक शौचालयों का PPP मोड पर निर्माण कराने के प्रस्ताव को भी मंजूरी मिली।इसके साथ ही नगर परिषद क्षेत्र में पहले से निर्मित शौचालयों के बेहतर संचालन एवं रख-रखाव के लिए उचित एजेंसी के चयन पर भी निर्णय लिया गया।
39 वार्डों में 100 डायरेक्शन साइन बोर्ड
शहर की यातायात व्यवस्था एवं आम लोगों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए 39 वार्डों के चौक-चौराहों पर कुल 100 डायरेक्शन साइन बोर्ड लगाने की खरीद प्रक्रिया को भी स्वीकृति दी गई।इससे शहर में आने वाले लोगों को प्रमुख मार्गों,सरकारी कार्यालयों एवं महत्वपूर्ण स्थलों की जानकारी आसानी से मिल सकेगी।
39 वार्डों की योजनाओं को मिलेगी गति
बैठक में सभी 39 वार्डों में योजनाओं के चयन एवं चयनित योजनाओं को प्रशासनिक स्वीकृति प्रदान करने के प्रस्ताव पर भी मुहर लगी।स्थानीय जरूरतों के आधार पर विकास योजनाओं को प्राथमिकता देने तथा उन्हें समयबद्ध तरीके से धरातल पर उतारने पर जोर दिया गया।
चौक-चौराहों का होगा सौंदर्यीकरण
नगर परिषद के 39 वार्डों में स्थित प्रमुख चौक-चौराहों के सौंदर्यीकरण के प्रस्ताव को भी मंजूरी दी गई।इसके अलावा जीर्ण-शीर्ण अवस्था में पड़े पुराने पंचायत भवनों, सामुदायिक भवनों एवं सरकारी बैठका भवनों के जीर्णोद्धार एवं सौंदर्यीकरण को भी स्वीकृति प्रदान की गई।
नगर कर्मी के प्रभार में बदलाव
बैठक में नगर परिषद कर्मी विक्की कुमार से जनहित से जुड़े कार्यों का प्रभार हटाकर किसी अन्य जिम्मेदार कर्मी को सौंपने तथा उन्हें आगत- निर्गत पंजी का प्रभार देने के प्रस्ताव पर भी समिति ने निर्णय लिया।
कार्यपालक पदाधिकारी ने कहा-जनता को समय पर मिले सेवा
कार्यपालक पदाधिकारी सिंधु कमल ने कहा कि समिति द्वारा लिए गए निर्णयों का उद्देश्य नगर परिषद की सेवाओं को अधिक पारदर्शी, जवाबदेह एवं समयबद्ध बनाना है।उन्होंने कहा कि नागरिकों को अपने जरूरी कार्यों के लिए अनावश्यक रूप से कार्यालय का चक्कर न लगाना पड़े,इसके लिए संबंधित शाखाओं एवं कर्मियों की जिम्मेदारी स्पष्ट की जाएगी।उन्होंने कहा कि स्वीकृत योजनाओं को नियमानुसार आगे बढ़ाते हुए उनके क्रियान्वयन में गुणवत्ता और समय-सीमा का विशेष ध्यान रखा जाएगा।
इधर,नगर सभापति अर्चना कुमारी ने कहा कि सशक्त स्थायी समिति द्वारा सभी महत्वपूर्ण एजेंडों पर सकारात्मक निर्णय लिया जाना नगर के विकास के लिए महत्वपूर्ण है।उन्होंने कहा कि समिति का उद्देश्य शहर के सभी 39 वार्डों में जरूरत के अनुसार विकास कार्य कराना और आम नागरिकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना है।बैठक में सभी 9 एजेंडों पर सहमति एवं मंजूरी मिलने के बाद अब इन प्रस्तावों के धरातल पर उतरने का रास्ता साफ हो गया है।इससे आने वाले समय में खगड़िया शहर की नागरिक सुविधाओं,स्वच्छता, यातायात,सौंदर्यीकरण और आधारभूत संरचना में व्यापक सुधार की उम्मीद है।

एसडीएफ न्यूज ब्यूरो, खगड़िया












