एसडीएफ न्यूज ब्यूरो,खगड़िया
नगर परिषद खगड़िया क्षेत्र के वार्ड संख्या-29 अंतर्गत आवास बोर्ड में लंबे समय से अपेक्षित सड़क निर्माण कार्य पूरा होने के बाद स्थानीय लोगों को बड़ी राहत मिली है। करीब ₹24 लाख 26 हजार 500 की लागत से नवनिर्मित पीसीसी सड़क का विधिवत उद्घाटन नगर सभापति अर्चना कुमारी ने फीता काटकर किया।
उद्घाटन समारोह को लेकर स्थानीय लोगों में खासा उत्साह देखने को मिला। नवनिर्मित सड़क के शुरू होने से आवास बोर्ड क्षेत्र में लोगों का आवागमन अब पहले की तुलना में काफी सुगम होगा।
स्थानीय नागरिकों ने सड़क निर्माण के लिए नगर परिषद का आभार जताते हुए कहा कि लंबे समय से सड़क की स्थिति को लेकर परेशानी बनी हुई थी।
कार्यक्रम की अध्यक्षता वार्ड पार्षद सुनीता कुमारी ने की।
उन्होंने कहा कि वार्ड के विकास के लिए सड़क एवं नाला जैसी मूलभूत सुविधाएं बेहद जरूरी हैं। नवनिर्मित पीसीसी सड़क से स्थानीय लोगों को विशेष रूप से बरसात के मौसम में काफी राहत मिलेगी और आवागमन की समस्या दूर होगी।
उद्घाटन के अवसर पर नगर सभापति अर्चना कुमारी ने कहा कि नगर परिषद खगड़िया का उद्देश्य प्रत्येक वार्ड में जरूरत के अनुसार गुणवत्तापूर्ण विकास कार्य कराना है।
सड़क, नाला, जलनिकासी, स्वच्छता एवं अन्य नागरिक सुविधाओं को प्राथमिकता के आधार पर विकसित किया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि विकास योजनाएं तभी सार्थक होती हैं, जब उनका सीधा लाभ आम लोगों तक पहुंचे। नगर परिषद क्षेत्र के सभी वार्डों में स्थानीय जरूरतों को ध्यान में रखते हुए योजनाओं का चयन किया जा रहा है और पूर्ण हो चुकी योजनाओं को जनता को समर्पित किया जा रहा है।
नगर सभापति ने निर्माण कार्य से जुड़े लोगों को गुणवत्ता बनाए रखने की हिदायत देते हुए कहा कि नगर परिषद द्वारा कराए जा रहे विकास कार्यों में गुणवत्ता से किसी भी प्रकार का समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा। उन्होंने स्थानीय लोगों से भी अपील की कि वे निर्माण कार्यों की निगरानी में सहयोग करें और किसी भी प्रकार की कमी दिखाई देने पर नगर परिषद को तत्काल अवगत कराएं।स्थानीय नागरिकों ने कहा कि पक्की सड़क बनने से क्षेत्र की तस्वीर में बदलाव आया है। पहले आवागमन के दौरान लोगों को कई तरह की परेशानियों का सामना करना पड़ता था। अब सड़क बनने से बच्चों, बुजुर्गों, महिलाओं एवं रोजाना आने-जाने वाले लोगों को विशेष सुविधा मिलेगी।
उद्घाटन कार्यक्रम में बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौजूद रहे। इनमें दयानंद ठाकुर, वशिष्ठ झा, दीपक कुमार, आनंदी यादव, जोगी रजक, महेंद्र यादव, नूतन देवी, विभा ठाकुर, विंदेश्वरी पोद्दार, परमानंद सिंह, परमानंद साह, नारायण पंडित, सुरेश शर्मा, ललन साह, विदेशी साह, बिपिन साह, लालकेश्वर शर्मा सहित अन्य ग्रामीण शामिल रहे।स्थानीय लोगों ने नगर सभापति अर्चना कुमारी के प्रति आभार जताते हुए कहा कि सड़क निर्माण से आवास बोर्ड क्षेत्र में आवागमन की सुविधा बेहतर हुई है और क्षेत्र के विकास को भी नई गति मिलेगी।
करीब ₹24.26 लाख की लागत से बनी यह पीसीसी सड़क वार्ड संख्या-29 के विकास में महत्वपूर्ण उपलब्धि मानी जा रही है। सड़क के निर्माण से न केवल आवागमन आसान हुआ है, बल्कि क्षेत्र में आधारभूत सुविधाओं के विस्तार को भी मजबूती मिली है।

एसडीएफ न्यूज ब्यूरो,खगड़िया













