एसडीएफ न्यूज ब्यूरो,खगड़िया
नगर परिषद क्षेत्र में आधारभूत संरचना को सुदृढ़ करने की दिशा में एक और महत्वपूर्ण अध्याय जुड़ गया जब नगर सभापति ने वार्ड संख्या 11 अंतर्गत कमलपुर (पोद्दार टोला) में ₹5,12,400 की लागत से बनने वाले आरसीसी नाला एवं पीसीसी सड़क निर्माण कार्य का विधिवत फीता काटकर उद्घाटन किया, लंबे समय से जलनिकासी और जर्जर सड़क की समस्या से जूझ रहे इस इलाके के लिए यह योजना किसी बड़ी राहत से कम नहीं मानी जा रही है, बरसात के दिनों में घरों के सामने जलजमाव हो जाता था
जिससे कीचड़, गंदगी और मच्छरों का प्रकोप बढ़ जाता था तथा संक्रमण का खतरा हमेशा बना रहता था, बच्चों को स्कूल जाने में कठिनाई होती थी, बुजुर्गों और महिलाओं को फिसलन भरी राह से गुजरना पड़ता था और दैनिक आवागमन तक बाधित हो जाता था
ऐसे में आरसीसी नाला निर्माण से पानी की वैज्ञानिक और स्थायी निकासी सुनिश्चित होगी जबकि पीसीसी सड़क निर्माण से मजबूत, समतल और टिकाऊ मार्ग उपलब्ध होगा जिससे न केवल यातायात सुगम होगा बल्कि स्वच्छता और स्वास्थ्य व्यवस्था में भी व्यापक सुधार देखने को मिलेगा
उद्घाटन समारोह में स्थानीय नागरिकों की भारी भागीदारी रही और लोगों ने सभापति का स्वागत करते हुए इस योजना को क्षेत्र की बहुप्रतीक्षित मांग बताया
अपने संबोधन में सभापति ने स्पष्ट कहा कि नगर परिषद क्षेत्र में विकास कार्यों को गति देने के लिए निरंतर प्रयास जारी हैं और किसी भी वार्ड के साथ भेदभाव नहीं किया जाएगा, उन्होंने भरोसा दिलाया कि गुणवत्ता से कोई समझौता नहीं होगा तथा सभी कार्य समयबद्ध तरीके से पूर्ण कराए जाएंगे
कार्यक्रम में वार्ड पार्षद प्रतिनिधि पिंटू कुमार सहित कई स्थानीय गणमान्य लोग उपस्थित रहे जिन्होंने कहा कि इस पहल से कमलपुर की दशा और दिशा दोनों बदलेंगी, कुल मिलाकर यह योजना नगर परिषद की विकास प्रतिबद्धता का सशक्त उदाहरण है
जो क्षेत्र के सामाजिक, स्वास्थ्य और आर्थिक वातावरण में सकारात्मक परिवर्तन की नई उम्मीद जगा रही है।

एसडीएफ न्यूज ब्यूरो,खगड़िया













