अनुज सौरव/एसडीएफ न्यूज ब्यूरो
खगड़िया। मानसी प्रखंड अंतर्गत उच्च माध्यमिक विद्यालय पश्चिमी ठाठा में आज विद्यालय प्रबंधकारिणी समिति की महत्वपूर्ण बैठक सदर विधायक बबलू कुमार मंडल की अध्यक्षता में संपन्न हुई।
बैठक में विद्यालय की विभिन्न समस्याओं,विशेषकर कक्षाओं की कमी,पर विस्तार से चर्चा की गई।बैठक के दौरान विद्यालय की प्रधान शिक्षिका संगीता देवी ने विद्यालय में पर्याप्त वर्ग कक्ष नहीं होने की समस्या को प्रमुखता से उठाया।
उन्होंने बताया कि छात्रों की संख्या के अनुपात में कक्षाओं की संख्या कम होने के कारण शिक्षण कार्य प्रभावित हो रहा है।इस पर उपस्थित अन्य वक्ताओं ने भी अपनी बात रखते हुए कहा कि विद्यालय के पास पर्याप्त भूमि उपलब्ध है,जिससे भवन निर्माण में कोई बाधा नहीं है।
सदर विधायक बबलू कुमार मंडल ने सभी समस्याओं को गंभीरता पूर्वक सुना और मौके पर उनका अवलोकन भी किया।उन्होंने कहा कि शिक्षा के क्षेत्र में किसी भी प्रकार की कमी बर्दाश्त नहीं की जाएगी और विद्यालय के विकास के लिए आवश्यक सभी कार्य निर्धारित समय सीमा के भीतर पूरे किए जाएंगे।
विधायक ने कहा कि उनका प्रयास है कि क्षेत्र के सभी विद्यालयों की समुचित जानकारी लेकर उन्हें बेहतर बनाया जाए।उन्होंने जोर देते हुए कहा कि “शिक्षा ही एकमात्र ऐसा माध्यम है,जिसके बल पर समाज का सर्वांगीण विकास संभव है।”
उन्होंने अभिभावकों,विशेषकर मातृ शक्ति से अपील करते हुए कहा कि वे अपने बच्चों की शिक्षा के प्रति अधिक सजग रहें।
उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में बच्चे आसानी से भटकाव की ओर जा सकते हैं,इसलिए उन्हें सही दिशा में बनाए रखने के लिए नियमित रूप से निगरानी और मार्गदर्शन आवश्यक है।
विधायक ने सुपौल के जिलाधिकारी सावन कुमार का उदाहरण देते हुए कहा कि मेहनत और शिक्षा के बल पर व्यक्ति अपनी पहचान बनाता है।आज उनका नाम सम्मान के साथ लिया जाता है और खगड़िया से जोड़कर देखा जाता है।यह दर्शाता है कि शिक्षा ही व्यक्ति और समाज की असली ताकत है।
उन्होंने आश्वासन दिया कि विद्यालय में नए कक्षों का निर्माण जल्द कराया जाएगा और सभी आवश्यक संसाधनों की व्यवस्था की जाएगी।साथ ही उन्होंने लोगों से सरकार द्वारा संचालित योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ उठाने की अपील की।
बैठक के दौरान विद्यालय के भू-दाता महंत देवदत्त महाराज भी उपस्थित थे।इस अवसर पर विधायक ने उनका सम्मान कर आभार व्यक्त किया और कहा कि उनके योगदान से ही इस विद्यालय की स्थापना संभव हो सकी है।
कार्यक्रम का संचालन बबलू कुमार ने किया।बैठक में स्थानीय जनप्रतिनिधि, शिक्षकगण एवं ग्रामीण बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।अंत में विधायक ने सभी को भरोसा दिलाया कि विद्यालय को एक आदर्श शिक्षण संस्थान बनाने के लिए हर संभव प्रयास किया जाएगा।

खगड़िया। मानसी प्रखंड अंतर्गत उच्च माध्यमिक विद्यालय पश्चिमी ठाठा में आज विद्यालय प्रबंधकारिणी समिति की महत्वपूर्ण बैठक सदर विधायक बबलू कुमार मंडल की अध्यक्षता में संपन्न हुई।












