एसडीएफ न्यूज ब्यूरो,खगड़िया
बिहार की जनता केंद्र सरकार और बिहार सरकार की जनविरोधी नीतियों से परेशान है।सबसे ज्यादा तो कमरतोड़ महंगाई और बेरोजगारी से लोग त्रस्त हैं।नीट से लेकर बिहार और केंद्र में अन्य जितने प्रतियोगी परीक्षा हैं,उन सभी के प्रश्नपत्र लीक हो जा रहे हैं।उक्त बातें पूर्व एमएलसी प्रत्याशी सह राष्ट्रीय जनता दल के खगड़िया जिलाध्यक्ष मनोहर कुमार यादव ने कही।
वह आज 09 जून को खगड़िया सदर प्रखंड मुख्यालय पर केंद्र और बिहार सरकार की जनविरोधी नीतियों विशेषकर महंगाई,बेरोजगारी और परीक्षाओं में पेपर लीक के खिलाफ,रसोई गैस(LPG), पेट्रोल-डीजल सहित खाद्य पदार्थों के लगातार बढ़ते दामों के खिलाफ राजद प्रदेश नेतृत्व के निर्देश पर आयोजित एक दिवसीय धरना कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे।
खगड़िया नगर अध्यक्ष चंद्रशेखर कुमार की अध्यक्षता में आयोजित इस धरना कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मनोहर यादव ने कहा कि छात्र और युवा वर्षों से बाहर रहकर पढ़ाई करते हैं,लेकिन पेपर लीक हो जाने के कारण सारा मेहनत बेकार हो जाता है और वे आत्महत्या को मजबूर हो जाते हैं।नीट के एक छात्र ने यह कहकर आत्महत्या कर ली कि मुझे अच्छा अंक आता,लेकिन पेपर लीक हो गई और सरकार की किरकिरी होने के बाद नीट की परीक्षा रद्द कर दी गयी।
उन्होंने कहा कि,रसोई गैस के दाम आसमान छू रहे हैं।पेट्रोल और डीजल की कीमतों सहित खाद्य पदार्थों के लगातार बढ़ते दामों ने आम और मध्यमवर्गीय परिवारों की कमर तोड़ दी है।बिहार की कानून व्यवस्था ध्वस्त हो गई है।आमलोग असुरक्षित महसूस कर रहे हैं।पटना जो बिहार का मुख्यालय है,वहां प्रतिदिन आपराधिक घटनाएं घटित हो रही है।इन सब बातों से बिहार सरकार को कोई मतलब नहीं रह गया है।बस बिहार के आमलोगों का ध्यान इन सभी मुद्दों से भटकाने के लिए इधर -उधर की बातें की जा रही है।
प्रदेश महासचिव नरेश सहनी, बुद्धिजीवी प्रकोष्ठ के जिलाध्यक्ष बिनोद कुमार सहित जिला उपाध्यक्ष प्रमोद यादव ने कहा कि बिहार सरकार का खजाना खाली हो गया है।वृद्ध लोगों को ना ही पेंशन मिल पा रहा है और ना ही कई महीनों से सरकारी कर्मियों सहित शिक्षकों को वेतन नहीं मिला है।मंहगाई और बेरोजगारी जैसे गंभीर मुद्दों से भटकाने के लिए राजद सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव और पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी की सुरक्षा में कमी की गयी और आवास खाली कराने का आदेश निकालकर बिहार के लोगों को दिग्भ्रमित किया जा रहा है।
धरना कार्यक्रम का संचालन कर रहे सुजय यादव और आपदा प्रबंधन प्रकोष्ठ के जिलाध्यक्ष जितेंद्र कुमार उर्फ राजा चौधरी ने कहा कि डबल इंजन की सरकार में बिहार सरकार का खजाना खाली है।कोई उधोग- धंधा नहीं है।बिहार के युवा बेरोजगारी की मार झेल रहे हैं।लेकिन इन सभी से बिहार सरकार को कोई लेना देना नहीं रह गया है।अपराध चरम पर है।स्थिति यह है कि कोई भी कार्यालय में बिना नजराना का कोई काम नहीं होता है।
धरना कार्यक्रम में मुख्य रूप से जिला प्रधान महासचिव नंदलाल मंडल,युवा राजद प्रदेश महासचिव नीरज यादव,जिला महासचिव शकलदीप यादव, विधि प्रकोष्ठ जिलाध्यक्ष दिनेश यादव,शिल्पकार प्रकोष्ठ जिलाध्यक्ष बिनोद शर्मा,दिव्यांग प्रकोष्ठ जिलाध्यक्ष निभा भारती, जिला कोषाध्यक्ष आमिर खान, कला प्रकोष्ठ के जिलाध्यक्ष अंकित कुमार,व्यवसायिक प्रकोष्ठ के जिलाध्यक्ष शम्भू पौद्दार,खगड़िया नगर प्रधान महासचिव सन्नी चंद्रवंशी, अतिपिछड़ा प्रकोष्ठ के नगर अध्यक्ष रोहित साव,युवा राजद जिला उपाध्यक्ष राजेश यादव, पूर्व नगर अध्यक्ष पंकज यादव, बुद्धिजीवी प्रकोष्ठ के जिला उपाध्यक्ष बिजेंद्र यादव,मिथलेश यादव,राजद नेता प्रफुल्लचन्द्र घोष,सुनीता देवी,अभिजीत सिंह,छात्र राजद नेता राजा कुमार सहित सैकड़ों राजद कार्यकर्ता उपस्थित थे।

एसडीएफ न्यूज ब्यूरो,खगड़िया














