एसडीएफ न्यूज ब्यूरो,खगड़िया
खगड़िया:स्वच्छ,सुंदर एवं आधुनिक खगड़िया के निर्माण की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल करते हुए नगर परिषद खगड़िया की ओर से केएन क्लब,खगड़िया में ठोस अपशिष्ट प्रबंधन प्रणाली (Solid Waste Management System) पर नगर निकायों के जनप्रतिनिधियों के लिए एक दिवसीय प्रशिक्षण शिविर का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम में नगर परिषद खगड़िया की नगर सभापति अर्चना कुमारी ने विशेष रूप से भाग लेते हुए ठोस अपशिष्ट प्रबंधन को समय की सबसे बड़ी आवश्यकता बताया और इसे जनभागीदारी से सफल बनाने का आह्वान किया।
कार्यक्रम का शुभारंभ नगर सभापति अर्चना कुमारी, गोगरी नगर परिषद की सभापति रंजीता निषाद,नगर पंचायत परबत्ता की चेयरमैन अर्चना देवी,नगर पंचायत मानसी की चेयरमैन प्रभा देवी,नगर पंचायत बेलदौर की चेयरमैन ममता देवी तथा नगर पंचायत अलौली की चेयरमैन जयंती शेखर ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलित कर किया।
अपने संबोधन में नगर सभापति अर्चना कुमारी ने कहा कि किसी भी शहर की स्वच्छता केवल सफाई कर्मियों के भरोसे नहीं हो सकती।इसके लिए जनप्रतिनिधियों,नगर परिषद और आम नागरिकों की समान भागीदारी आवश्यक है।उन्होंने कहा कि आज वैज्ञानिक ठोस अपशिष्ट प्रबंधन हर शहर की जरूरत बन चुका है और नगर परिषद खगड़िया इसी दिशा में लगातार ठोस कदम उठा रही है।
उन्होंने कहा कि नगर परिषद खगड़िया में मटेरियल रिकवरी फैसिलिटी(MRF)परियोजनाअंतिम चरण में है।इसके शुरू होने के बाद कचरे का वैज्ञानिक तरीके से पृथक्करण,पुनर्चक्रण और निष्पादन संभव होगा,जिससे शहर की स्वच्छता व्यवस्था में व्यापक सुधार दिखाई देगा।
उन्होंने सभी वार्ड पार्षदों से अपने-अपने वार्डों में लोगों को गीले एवं सूखे कचरे को अलग-अलग रखने तथा स्वच्छता के प्रति जागरूक करने की अपील किया।
नगर सभापति ने कहा कि उनका लक्ष्य खगड़िया को केवल स्वच्छ शहर बनाना नहीं,बल्कि ऐसा मॉडल नगर बनाना है जहां आधुनिक ठोस अपशिष्ट प्रबंधन प्रणाली पूरे प्रभाव के साथ कार्य करे।उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि प्रशिक्षण में मिली जानकारी का लाभ सीधे नगरवासियों तक पहुंचेगा और स्वच्छता अभियान को नई गति मिलेगी।
प्रशिक्षण शिविर में जिले के विभिन्न नगर निकायों के सभी वार्ड पार्षदों एवं जनप्रतिनिधियों को ठोस अपशिष्ट प्रबंधन की आधुनिक प्रणाली,कचरे के स्रोत पर पृथक्करण,पुनर्चक्रण,
पर्यावरण संरक्षण तथा स्वच्छता व्यवस्था को अधिक प्रभावी बनाने के विभिन्न पहलुओं की विस्तृत जानकारी दी गई।विशेषज्ञों ने व्यवहारिक उदाहरणों के माध्यम से बताया कि वैज्ञानिक कचरा प्रबंधन अपनाकर शहरों को स्वच्छ,स्वस्थ एवं पर्यावरण के अनुकूल बनाया जा सकता है।अन्य नगर निकायों की सभापतियों एवं चेयरमैनों ने भी प्रशिक्षण को उपयोगी बताते हुए कहा कि ऐसे कार्यक्रमों से जनप्रतिनिधियों की कार्यक्षमता बढ़ती है और नगर निकायों में स्वच्छता व्यवस्था को मजबूत करने में सहायता मिलती है।
प्रशिक्षण के अंत में सभी जनप्रतिनिधियों ने अपने- अपने वार्डों में स्वच्छता के प्रति जनजागरूकता अभियान चलाने तथा ठोस अपशिष्ट प्रबंधन प्रणाली को प्रभावी ढंग से लागू करने का संकल्प लिया।
नगर सभापति अर्चना कुमारी ने कहा कि स्वच्छता ही स्वस्थ समाज की पहचान है।नगर परिषद खगड़िया विकास कार्यों के साथ-साथ आधुनिक कचरा प्रबंधन प्रणाली को भी प्राथमिकता दे रही है,ताकि आने वाले समय में खगड़िया पूरे बिहार में स्वच्छ और सुव्यवस्थित नगर के रूप में अपनी अलग पहचान स्थापित कर सके।

एसडीएफ न्यूज ब्यूरो,खगड़िया














