एसडीएफ न्यूज ब्यूरो, दिल्ली
कोसी और खगड़िया क्षेत्र के लाखों लोगों के लिए शनिवार का दिन उम्मीदों और संभावनाओं से भरा हुआ साबित हुआ। वर्षों से लंबित रेल सुविधाओं और अधूरे विकास कार्यों को लेकर क्षेत्र की जनता की आवाज़ को एक बार फिर मजबूत तरीके से केंद्र सरकार के समक्ष रखने में सांसद राजेश वर्मा सफल रहे।
नई दिल्ली स्थित रेल भवन में केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव से हुई अत्यंत महत्वपूर्ण और विस्तृत मुलाकात के दौरान सांसद ने सिमरी बख्तियारपुर रेलवे स्टेशन पर वैशाली एक्सप्रेस सहित अन्य प्रमुख एक्सप्रेस ट्रेनों के ठहराव की मांग को पूरे दमखम के साथ उठाया। इस पर रेल मंत्री ने सकारात्मक रुख अपनाते हुए प्राथमिकता के आधार पर समाधान निकालने का स्पष्ट आश्वासन दिया।
सिमरी बख्तियारपुर लंबे समय से एक्सप्रेस ट्रेनों के ठहराव से वंचित रहा है, जिससे क्षेत्र के हजारों छात्र, व्यापारी, मरीज, नौकरीपेशा लोग और आम यात्री प्रतिदिन कठिनाइयों का सामना कर रहे हैं।
यदि यहां प्रमुख एक्सप्रेस ट्रेनों का ठहराव सुनिश्चित होता है, तो यह केवल एक रेलवे सुविधा नहीं बल्कि पूरे कोसी क्षेत्र के आर्थिक, सामाजिक और शैक्षणिक विकास का गेमचेंजर कदम साबित होगा।मुलाकात के दौरान सांसद ने केवल एक मांग नहीं रखी, बल्कि पूरे क्षेत्र के लिए एक व्यापक रेल विकास का रोडमैप प्रस्तुत किया, जिसमें कई लंबित और रणनीतिक परियोजनाएं शामिल रहीं।
मानसी–सहरसा रेलखंड (44 किमी) का दोहरीकरण — कोसी की लाइफलाइन परियोजना
सांसद ने कहा कि यह रेलखंड कोसी क्षेत्र की रीढ़ है, जिस पर यातायात का भारी दबाव लगातार बढ़ रहा है।उन्होंने रेल मंत्री से मांग की कि DPR पहले से तैयार होने के बावजूद इस परियोजना को शीघ्र वित्तीय एवं प्रशासनिक स्वीकृति देकर निर्माण कार्य तुरंत शुरू किया जाए। इससे ट्रेन संचालन अधिक सुचारू और तेज होगा।
बिहारीगंज–आलमनगर–बेलदौर–मानसी नई रेल लाइन — दशकों पुराना सपना
यह परियोजना क्षेत्र के लाखों लोगों के लिए नई जीवनरेखा साबित हो सकती है।
सांसद ने इसे आगामी रेल बजट में प्राथमिकता देने की मांग की और कहा कि सर्वेक्षण पूरा हो चुका है, अब केवल राजनीतिक और प्रशासनिक निर्णय की आवश्यकता है।ROB परियोजनाओं पर तत्काल कार्रवाई की मांग
महेशखूंट स्टेशन, मानसी स्टेशन पश्चिमी फाटक और हसनपुर चीनी मिल (रामपुर) के पास स्वीकृत रेल ओवरब्रिज परियोजनाओं को लेकर सांसद ने गंभीर चिंता जताई।उन्होंने कहा कि देरी के कारण आम जनता को रोजाना जाम और दुर्घटना जोखिम का सामना करना पड़ रहा है। इसलिए तुरंत टेंडर जारी कर निर्माण कार्य शुरू किया जाए।
खगड़िया–कुशेश्वरस्थान रेल परियोजना — क्षेत्रीय विकास की धुरी इस महत्वाकांक्षी परियोजना को लेकर सांसद ने कहा कि यह क्षेत्र के आर्थिक नक्शे को बदलने की क्षमता रखती है।उन्होंने रेल मंत्री से निर्माण कार्य में तेजी लाने और परियोजना को समयबद्ध तरीके से पूरा करने का आग्रह किया।केंद्रीय रेल मंत्री ने सांसद द्वारा उठाए गए सभी मुद्दों को गंभीरता से सुना और कहा कि कोसी और खगड़िया क्षेत्र की रेल आवश्यकताएं सरकार की प्राथमिकता में हैं।उन्होंने संबंधित विभागीय अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई करने और सभी परियोजनाओं की प्रगति को तेज करने के निर्देश देने का आश्वासन दिया।विशेष रूप से सिमरी बख्तियारपुर में एक्सप्रेस ट्रेनों के ठहराव पर उन्होंने सकारात्मक दृष्टिकोण अपनाने की बात कही।
मुलाकात के बाद सांसद राजेश वर्मा ने कहा:खगड़िया लोकसभा क्षेत्र के हर नागरिक को बेहतर रेल सुविधा देना मेरी सर्वोच्च प्राथमिकता है। सिमरी बख्तियारपुर में एक्सप्रेस ट्रेनों का ठहराव क्षेत्र की जरूरत है, कोई मांग नहीं। मैं लगातार प्रयास कर रहा हूं कि सभी लंबित परियोजनाएं जल्द धरातल पर उतरें।”उन्होंने आगे कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व और रेल मंत्री के सहयोग से कोसी क्षेत्र को जल्द ही बड़े रेल विकास की सौगात मिलेगी।
रेल मंत्री से मिले सकारात्मक संकेतों के बाद सिमरी बख्तियारपुर, खगड़िया, मानसी, महेशखूंट, बेलदौर, आलमनगर और आसपास के पूरे क्षेत्र में उत्साह और उम्मीद का माहौल है।

एसडीएफ न्यूज ब्यूरो, दिल्ली













