एसडीएफ न्यूज ब्यूरो,खगड़िया
खगड़िया नगर परिषद क्षेत्र में विकास कार्यों का सिलसिला लगातार नई ऊंचाइयों को छू रहा है।शहर के विभिन्न वार्डों में सड़क,नाला,सामुदायिक शौचालय,पोखर सौंदर्यीकरण एवं अन्य आधारभूत सुविधाओं से जुड़ी योजनाओं को तेजी से धरातल पर उतारा जा रहा है।इसी क्रम में मथुरापुर क्षेत्र को करीब ₹53 लाख 69 हजार की दो महत्वपूर्ण विकास योजनाओं की सौगात मिली।नगर सभापति अर्चना कुमारी ने दोनों योजनाओं का फीता काटकर विधिवत उद्घाटन किया।
इन योजनाओं के शुरू होने से क्षेत्र में वर्षों से चली आ रही जल निकासी और जर्जर सड़क की समस्या के समाधान की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।स्थानीय लोगों ने इन परियोजनाओं का स्वागत करते हुए नगर परिषद के प्रति आभार व्यक्त किया।सबसे पहले वार्ड संख्या-10अंतर्गत मथुरापुर में लगभग ₹30 लाख 13 हजार की लागत से निर्मित आरसीसी नाला एवं पीसीसी सड़क निर्माण कार्य का उद्घाटन नगर सभापति अर्चना कुमारी ने किया।कार्यक्रम की अध्यक्षता वार्ड पार्षद संगीता देवी ने की।
इस योजना के तहत क्षेत्र में आधुनिक जल निकासी व्यवस्था विकसित की गई है, जिससे बरसात के दिनों में होने वाले जलजमाव की समस्या से राहत मिलने की उम्मीद है।साथ ही नई पीसीसी सड़क बनने से लोगों को बेहतर एवं सुरक्षित आवागमन की सुविधा मिलेगी।
स्थानीय नागरिकों ने कहा कि लंबे समय से इस क्षेत्र में नाला और सड़क निर्माण की आवश्यकता महसूस की जा रही थी,जो अब पूरी हुई है।इसके बाद वार्ड संख्या-06 अंतर्गत मथुरापुर में लगभग ₹23 लाख 56 हजार की लागत से निर्मित पीसीसी सड़क निर्माण कार्य का उद्घाटन भी नगर सभापति अर्चना कुमारी द्वारा किया गया।कार्यक्रम की अध्यक्षता वार्ड पार्षद टुटू कुमारी ने की।
नई सड़क बनने से क्षेत्र के लोगों को धूल,कीचड़ और टूटी सड़क की समस्या से राहत मिलेगी।स्थानीय लोगों ने कहा कि बरसात के दिनों में आवागमन अत्यंत कठिन हो जाता था, लेकिन अब यह सड़क क्षेत्र के विकास को नई गति प्रदान करेगी।
उद्घाटन समारोह को संबोधित करते हुए नगर सभापति अर्चना कुमारी ने कहा कि नगर परिषद का उद्देश्य केवल निर्माण कार्य कराना नहीं,बल्कि प्रत्येक वार्ड को बेहतर आधारभूत सुविधाओं से जोड़ना है।उन्होंने कहा कि नगर परिषद क्षेत्र के सभी वार्डों में बिना किसी भेदभाव के विकास योजनाओं को प्राथमिकता के आधार पर लागू किया जा रहा है।उन्होंने कहा कि सड़क और नाला किसी भी क्षेत्र के विकास की रीढ़ होते हैं।बेहतर सड़क,मजबूत जल निकासी व्यवस्था और आधुनिक आधारभूत सुविधाएं नागरिकों के जीवन स्तर को बेहतर बनाती हैं।इसी सोच के साथ नगर परिषद लगातार योजनाबद्ध तरीके से विकास कार्य कर रही है।
नगर सभापति ने कहा कि वर्तमान समय में नगर परिषद क्षेत्र में करोड़ों रुपये की लागत से सड़क,नाला,पुलिया, सामुदायिक शौचालय,पोखर सौंदर्यीकरण,पार्क निर्माण तथा अन्य जनहित की योजनाओं पर तेजी से कार्य चल रहा है।आने वाले दिनों में भी कई महत्वपूर्ण परियोजनाओं का लाभ नगरवासियों को मिलेगा।उन्होंने कहा कि विकास कार्यों में पारदर्शिता,गुणवत्ता और समयबद्धता को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जा रही है,ताकि जनता को बेहतर सुविधाएं मिल सकें और नगर का समग्र विकास सुनिश्चित हो सके।
कार्यक्रम में वार्ड पार्षद पप्पू यादव,ऋतुराज कुमार,रंजीत कुमार,वार्ड पार्षद प्रतिनिधि जैबु महतो,वार्ड पार्षद प्रतिनिधि डेविड कुमार,ब्रजेश कुमार,सोनू कुमार,हरि कुमार सहित बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।स्थानीय लोगों ने नगर सभापति अर्चना कुमारी का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि लगातार हो रहे विकास कार्यों से मथुरापुर की तस्वीर बदल रही है।उन्होंने उम्मीद जताई कि आने वाले समय में भी क्षेत्र में इसी प्रकार की विकास योजनाएं जारी रहेंगी।करीब ₹53.69 लाख की लागत से पूर्ण हुई इन दोनों परियोजनाओं ने मथुरापुर क्षेत्र को नई विकास गति प्रदान की है।आरसीसी नाला और पीसीसी सड़क जैसी आधारभूत सुविधाओं के विस्तार से न केवल लोगों को बेहतर आवागमन मिलेगा,बल्कि जल निकासी व्यवस्था में भी व्यापक सुधार होगा।नगर परिषद खगड़िया द्वारा किए जा रहे ये विकास कार्य शहर को आधुनिक,व्यवस्थित और सुविधासंपन्न बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम साबित हो रहे हैं।

एसडीएफ न्यूज ब्यूरो,खगड़िया














