एसडीएफ न्यूज ब्यूरो, खगड़िया
खगड़िया:अगस्त क्रांति के दौरान देश की आजादी के लिए अंग्रेजी हुकूमत के खिलाफ संघर्ष करते हुए 13 अगस्त 1942 को अपने प्राणों की आहुति देने वाले अमर शहीद धन्ना-माधव का शहादत दिवस गुरुवार को श्रद्धा,सम्मान और देशभक्ति के वातावरण में मनाया गया।
मानसी जंक्शन के समीप स्थित अमर शहीद धन्ना- माधव के स्मारक स्थल पर आयोजित कार्यक्रम में स्थानीय प्रशासनिक अधिकारियों के साथ-साथ जिले के सामाजिक एवं राजनीतिक कार्यकर्ताओं, जनप्रतिनिधियों,युवाओं और स्थानीय नागरिकों ने शहीदों को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की।
कार्यक्रम की शुरुआत प्रखंड विकास पदाधिकारी मानसी, अंचल अधिकारी मानसी, मानसी के थानाध्यक्ष के साथ भाजपा नेता ई.धर्मेंद्र कुमार, युवा शक्ति के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष नागेंद्र सिंह त्यागी,आईआईपी के राष्ट्रीय प्रधान महासचिव मनीष कुमार सिंह,सीपीएम नेता विजय कुमार सिंह,उप मुख्य पार्षद पप्पू कुमार सुमन सहित अन्य उपस्थित गणमान्यजनों द्वारा अमर शहीद धन्ना-माधव की आदमकद प्रतिमा पर माल्यार्पण एवं पुष्पांजलि अर्पित कर की गई।
बीडीओ राजीव कुमार ने देश की स्वतंत्रता के लिए अपने प्राण न्योछावर करने वाले दोनों अमर शहीदों के बलिदान को नमन करते हुए उनके बताए मार्ग पर चलने का संकल्प लिया।इस दौरान पूरा स्मारक परिसर देशभक्ति के नारों और श्रद्धा के भाव से गूंजता रहा।श्रद्धांजलि सभा को संबोधित करते हुए अंचल अधिकारी मधुवाला कुमारी एवं थानाध्यक्ष दीपक कुमार ने कहा कि भारत की स्वतंत्रता केवल राजनीतिक परिवर्तन का परिणाम नहीं थी,बल्कि इसके पीछे हजारों ज्ञात- अज्ञात स्वतंत्रता सेनानियों का संघर्ष,त्याग और बलिदान जुड़ा हुआ है।अमर शहीद धन्ना-माधव ने भी अगस्त क्रांति के दौर में अंग्रेजी हुकूमत के विरुद्ध आवाज बुलंद करते हुए देश की आजादी के लिए अपना सर्वोच्च बलिदान दिया।उनका साहस और राष्ट्रप्रेम आज की पीढ़ी के लिए प्रेरणा का स्रोत है।
वहीं युवा शक्ति के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष नागेंद्र सिंह त्यागी ने कहा कि नई पीढ़ी को स्वतंत्रता आंदोलन के स्थानीय इतिहास और अपने क्षेत्र के वीर सपूतों के योगदान से परिचित कराना बेहद जरुरी है।इतिहास की किताबों में राष्ट्रीय स्तर के अनेक स्वतंत्रता सेनानियों का उल्लेख मिलता है,लेकिन स्थानीय स्तर पर आजादी के लिए संघर्ष करने वाले अनेक वीरों की गाथा भी उतनी ही महत्वपूर्ण है।अमर शहीद धन्ना-माधव की शहादत को आने वाली पीढ़ियों तक पहुंचाना समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है।
श्रद्धांजलि कार्यक्रम के पश्चात अमर शहीद धन्ना-माधव स्मारक निर्माण समिति की ओर से प्रतिभा सम्मान समारोह का आयोजन किया गया।समारोह में मैट्रिक एवं इंटरमीडिएट की परीक्षा में सर्वाधिक अंक प्राप्त करने वाले प्रतिभावान छात्र- छात्राओं के साथ-साथ फुटबॉल और क्रिकेट के क्षेत्र में बेहतर प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को“शहीद धन्ना- माधव प्रतिभा सम्मान” से सम्मानित किया गया।
सम्मानित प्रतिभाओं को प्रशस्ति पत्र,मोमेंटो एवं खेल सामग्री प्रदान कर उनका उत्साहवर्धन किया गया।समिति के इस पहल की उपस्थित लोगों ने सराहना करते हुए कहा कि शहीदों की स्मृति को केवल माल्यार्पण और श्रद्धांजलि तक सीमित नहीं रखना चाहिए,बल्कि उनके नाम पर समाज की प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करना ही सच्ची श्रद्धांजलि है।
समारोह में भाजपा नेता ई. धर्मेंद्र कुमार ने कहा कि शिक्षा और खेल दोनों ही समाज एवं राष्ट्र के निर्माण के महत्वपूर्ण आधार हैं।आर्थिक या सामाजिक परिस्थितियां किसी प्रतिभा की राह में बाधा न बने,इसके लिए समाज को आगे बढ़कर प्रतिभाशाली विद्यार्थियों और खिलाड़ियों का सहयोग करना चाहिए।अमर शहीद धन्ना-माधव के नाम पर प्रतिभा सम्मान समारोह आयोजित कर समिति ने युवाओं को शिक्षा और खेल के क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए सकारात्मक संदेश दिया है।कार्यक्रम के दौरान उपस्थित आईआईपी नेता मनीष कुमार सिंह एवं सीपीएम नेता विजय कुमार सिंह ने कहा कि मानसी क्षेत्र में अमर शहीद धन्ना-माधव की स्मृति को और अधिक व्यापक बनाने की आवश्यकता है।स्मारक स्थल को विकसित करने,वहां नियमित रुप से शहीदों की स्मृति में कार्यक्रम आयोजित करने तथा युवाओं को स्वतंत्रता आंदोलन के इतिहास से जोड़ने के लिए निरंतर प्रयास किया जाना चाहिए।
वहीं उप मुख्य पार्षद पप्पू कुमार सुमन ने कहा कि स्मारक समिति के द्वारा किए गए सभी मांग को नगर पंचायत मानसी का केबिनेट ने हमेशा सम्मान किया है।इसी का परिणाम है कि नगर पंचायत मानसी की सभी सीमाओं पर अमर शहीद धन्ना-माधव का द्वार लगाया गया है।इतना हीं नहीं,बीते केबिनेट की बैठक में सर्वसम्मति से यह निर्णय लिया गया कि मानसी बाजार से खुटिया,एकनियां होते हुए परमानंदपुर तक जाने वाली सड़क को अब”शहीद धन्ना- माधव पथ” के नाम से जाना जाएगा।
समिति के संरक्षक पूर्व मुखिया प्रमोद कुमार सिंह, सदस्य अध्यक्ष छेदी प्रसाद सिंह,महासचिव सिकंदर आजाद वक्त,सचिव अभय कुमार गुड्डू,कोषाध्यक्ष प्रेम कुमार यशवंत,रुपेश रंजन, धर्मेंद्र पोद्दार,सागर मुकेश, संतोष कुमार ने कहा कि अमर शहीद धन्ना-माधव का बलिदान किसी एक व्यक्ति, समाज या क्षेत्र की धरोहर नहीं बल्कि पूरे राष्ट्र की अमूल्य विरासत है।उनके त्याग और साहस को हमेशा याद रखा जाएगा।समिति का उद्देश्य स्मारक के निर्माण एवं संरक्षण के साथ-साथ शहीदों के विचारों और बलिदान की जानकारी समाज की नई पीढ़ी तक पहुंचाना है।
समारोह में मौजूद सेवानिवृत्त भारतीय सैनिक इंद्रभूषण कुमार,पूर्व सरपंच रामप्रवेश यादव,मुरली प्रसाद,शंकर सिंह,रौशन गुप्ता,विकास कुमार ने शहीद धन्ना-माधव के बलिदान को नमन करते हुए कहा कि आजादी की रक्षा और देश की एकता,अखंडता एवं लोकतांत्रिक मूल्यों को मजबूत करना हीं स्वतंत्रता सेनानियों के प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी।युवाओं से अपील की गई कि वे शिक्षा, खेल,सामाजिक सेवा और राष्ट्र निर्माण के क्षेत्र में आगे बढ़कर समाज एवं देश का नाम रोशन करें।














