एसडीएफ न्यूज ब्यूरो,खगड़िया
खगड़िया के सदर विधायक बबलू कुमार मंडल ने शनिवार को उत्क्रमित माध्यमिक विद्यालय,छोटी बलहा में विद्यालय प्रबंधकारिणी समिति की बैठक की अध्यक्षता की।बैठक में विद्यालय के विकास, शैक्षणिक वातावरण को मजबूत करने और छात्रों को बेहतर शिक्षा उपलब्ध कराने को लेकर विस्तार से चर्चा की गई।
इस दौरान पंचायत प्रतिनिधियों, शिक्षकों और ग्रामीणों की मौजूदगी में कई महत्वपूर्ण सुझाव सामने आए।बैठक को संबोधित करते हुए विधायक बबलू कुमार मंडल ने कहा कि किसी भी विद्यालय को बेहतर बनाने में केवल शिक्षक ही नहीं, बल्कि समाज के जागरूक और शिक्षाप्रेमी लोगों की भी अहम भूमिका होती है।उन्होंने कहा कि विद्यालय प्रबंधकारिणी समिति में ऐसे लोगों को जोड़ा जाना चाहिए,जो शिक्षा के विकास और बच्चों के उज्ज्वल भविष्य के लिए समर्पित सोच रखते हों।
विधायक ने कहा,“हमारा लक्ष्य केवल स्कूल चलाना नहीं,बल्कि खगड़िया विधानसभा के सभी विद्यालयों को इतना बेहतर बनाना है कि यहां पढ़ने वाले छात्र-छात्राएं बिहार स्तर पर अपनी प्रतिभा का परचम लहराएं और टॉपर बनकर जिले का नाम रोशन करें।”
उन्होंने कहा कि शिक्षा ही समाज को नई दिशा देने का सबसे मजबूत माध्यम है।यदि विद्यालयों में बेहतर माहौल, अच्छी शिक्षा व्यवस्था और आवश्यक संसाधन उपलब्ध होंगे,तो निश्चित रूप से बच्चे बड़े मुकाम हासिल करेंगे।
उन्होंने शिक्षकों से अपील करते हुए कहा कि वे बच्चों को केवल पाठ्यक्रम तक सीमित न रखें, बल्कि उनमें आत्मविश्वास, अनुशासन और नेतृत्व क्षमता भी विकसित करें।विधायक ने अभिभावकों और ग्रामीणों से भी सहयोग की अपील करते हुए कहा कि बच्चों की शिक्षा केवल विद्यालय की जिम्मेदारी नहीं है, बल्कि पूरे समाज की साझी जिम्मेदारी है।अगर पंचायत प्रतिनिधि,अभिभावक और समाज के जागरूक लोग मिलकर काम करेंगे,तो शिक्षा के क्षेत्र में बड़ा बदलाव लाया जा सकता है।
उन्होंने यह भी कहा कि वे लगातार अपने विधानसभा क्षेत्र के सभी विद्यालयों का दौरा कर रहे हैं और प्रबंधकारिणी समिति की बैठक कर जमीनी समस्याओं को समझने का प्रयास कर रहे हैं।उनका उद्देश्य है कि हर विद्यालय को बेहतर सुविधाएं मिलें और बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध हो सके।
बैठक के दौरान विद्यालय की विभिन्न समस्याओं और आवश्यकताओं पर भी चर्चा की गई।विधायक ने भरोसा दिलाया कि विद्यालय से जुड़ी सभी समस्याओं का समाधान चरणबद्ध तरीके से कराया जाएगा और शिक्षा के क्षेत्र में किसी प्रकार की कमी नहीं रहने दी जाएगी।
इस अवसर पर बलहा पंचायत के मुखिया राजेश भारती, ग्रामीण राजा राम सिंह,संतोष कुमार,मुकेश कुमार,दीपक कुमार,राज कुमार, विद्यालय के एचएम अशोक कुमार,खगेश कुमार,देवव्रत कुमार,वरुण कुमार सहित कई गणमान्य लोग मौजूद थे।
बैठक के अंत में विधायक ने कहा कि आने वाले समय में खगड़िया के विद्यालय शिक्षा के क्षेत्र में नई पहचान बनाएंगे और यहां के छात्र-छात्राएं अपनी प्रतिभा से पूरे बिहार में जिले का गौरव बढ़ाएंगे।उनकी बातों से उपस्थित लोगों में शिक्षा के प्रति नया उत्साह और सकारात्मक ऊर्जा देखने को मिली।

एसडीएफ न्यूज ब्यूरो,खगड़िया












