एसडीएफ न्यूज ब्यूरो
नई दिल्ली में लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के राष्ट्रीय अध्यक्ष चिराग पासवान के आवास पर आज बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी का आगमन हुआ।
इस विशेष अवसर पर मुख्यमंत्री ने राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं उनके परिवार के सदस्यों से आत्मीय मुलाकात कर शिष्टाचार भेंट की उनका अभिनंदन किया।
इस दौरान जमुई के सांसद अरुण भारती तथा खगड़िया के सांसद राजेश वर्मा भी विशेष रूप से उपस्थित रहे।
सभी प्रमुख नेताओं के बीच वर्तमान राजनीतिक परिदृश्य पर गंभीर, सकारात्मक एवं दूरगामी प्रभाव वाली चर्चा हुई, जिसमें बिहार के समग्र विकास को केंद्र में रखते हुए कई अहम मुद्दों पर विचार-विमर्श किया गया।
इस अवसर पर राज्य में विकास की गति को और अधिक तेज करने, आधारभूत संरचना को सशक्त एवं आधुनिक बनाने, युवाओं के लिए व्यापक स्तर पर रोजगार के अवसर सृजित करने तथा किसानों की आय में उल्लेखनीय वृद्धि सुनिश्चित करने जैसे विषयों पर विशेष रूप से चर्चा की गई।
इसके साथ ही राज्य की कानून-व्यवस्था को और अधिक मजबूत करने तथा केंद्र एवं राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रभावी एवं पारदर्शी क्रियान्वयन पर भी विस्तार से विचार किया गया।
साथ ही आगामी राजनीतिक रणनीतियों, संगठनात्मक ढांचे को और सुदृढ़ बनाने तथा केंद्र और राज्य के बीच बेहतर समन्वय स्थापित कर बिहार के सर्वांगीण विकास को नई दिशा देने पर भी सहमति बनी।
सभी नेताओं ने एक स्वर में यह स्पष्ट किया कि जनहित सर्वोपरि है और जनता की अपेक्षाओं पर खरा उतरने के लिए सभी स्तरों पर मिलकर प्रतिबद्धता के साथ कार्य किया जाएगा।
खगड़िया के सांसद राजेश वर्मा ने अपने विचार रखते हुए कहा कि माननीय मुख्यमंत्री श्री सम्राट चौधरी जी का खगड़िया लोकसभा क्षेत्र के विकास के प्रति सदैव सकारात्मक दृष्टिकोण रहा है। उन्होंने विश्वास जताया कि आने वाले समय में खगड़िया में विकास की गति और अधिक तेज होगी तथा किसानों और युवाओं की आय एवं रोजगार के नए अवसर सृजित करने के लिए निरंतर प्रयास किए जाते रहेंगे।
यह महत्वपूर्ण मुलाकात बिहार के विकास, राजनीतिक स्थिरता एवं आमजन के जीवन स्तर को बेहतर बनाने की दिशा में एक मजबूत और सकारात्मक कदम के रूप में देखी जा रही है।

एसडीएफ न्यूज ब्यूरो












