एसडीएफ न्यूज ब्यूरो,खगड़िया
खगड़िया नगर के हृदय स्थल राजेंद्र सरोवर के बहुप्रतीक्षित सौंदर्यीकरण एवं जीर्णोद्धार कार्य की दिशा में शनिवार को एक महत्वपूर्ण कदम उठाया गया।लगभग 9 करोड़ रुपये की लागत से होने वाली इस महत्वाकांक्षी परियोजना का शिलान्यास खगड़िया प्रभारी मंत्री एवं मद्य निषेध,उत्पाद एवं निबंधन विभाग के मंत्री मदन सहनी तथा सदर विधायक बबलू कुमार मंडल ने संयुक्त रूप से किया।
इस अवसर पर नगर सभापति अर्चना कुमारी,उप सभापति शबनम जबीन,जेडीयू के नेता दीपक सिन्हा,संदीप केडिया, पंकज पटेल और विभागीय अधिकारियों एवं बड़ी संख्या में स्थानीय लोगों की उपस्थिति रही।
शिलान्यास समारोह को संबोधित करते हुए सदर विधायक बबलू कुमार मंडल ने कहा कि राजेंद्र सरोवर केवल एक जलाशय नहीं,बल्कि खगड़िया शहर की ऐतिहासिक पहचान और सांस्कृतिक विरासत का महत्वपूर्ण हिस्सा है।उन्होंने कहा कि लंबे समय से नगरवासियों की मांग थी कि इस सरोवर का सौंदर्यीकरण कराया जाए,ताकि लोग यहां बेहतर वातावरण में समय व्यतीत कर सकें।
उन्होंने बताया कि इस परियोजना को धरातल पर उतारने के लिए लगातार विभागीय स्तर पर प्रयास किया गया,जिसका परिणाम आज शिलान्यास के रूप में सामने आया है।विधायक ने बुडको के अधिकारियों से आग्रह किया कि निर्माण कार्य में गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखा जाए और निर्धारित समय सीमा के भीतर एक आकर्षक एवं आधुनिक पार्क का निर्माण कर जनता को समर्पित किया जाए।उन्होंने कहा कि यह परियोजना खगड़िया शहर के विकास में मील का पत्थर साबित होगी।
विधायक बबलू मंडल ने कहा कि राजेंद्र सरोवर के सौंदर्यीकरण के बाद यह स्थल केवल स्थानीय लोगों के लिए ही नहीं,बल्कि आसपास के जिलों के लोगों के लिए भी आकर्षण का केंद्र बनेगा।यहां आधुनिक सुविधाओं से युक्त पार्क,बैठने की व्यवस्था,आकर्षक लाइटिंग, पैदल पथ,हरित क्षेत्र और अन्य जनसुविधाओं का विकास किया जाएगा।इससे परिवारों,बच्चों, युवाओं एवं बुजुर्गों को एक बेहतर सार्वजनिक स्थल उपलब्ध होगा।
प्रभारी मंत्री मदन सहनी ने कहा कि मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के नेतृत्व में बिहार सरकार शहरों के समग्र विकास को प्राथमिकता दे रही है।राजेंद्र सरोवर का जीर्णोद्धार उसी दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है।उन्होंने कहा कि सरकार की मंशा है कि नगर क्षेत्रों में लोगों को बेहतर आधारभूत सुविधाएं उपलब्ध हों और पर्यटन की संभावनाओं को भी विकसित किया जाए।
उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि परियोजना पूरी होने के बाद राजेंद्र सरोवर खगड़िया की नई पहचान बनेगा।इससे शहर की सुंदरता में वृद्धि होगी,पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा तथा स्थानीय स्तर पर रोजगार और आर्थिक गतिविधियों के नए अवसर भी सृजित होंगे।
समारोह के दौरान उपस्थित लोगों ने भी इस योजना का स्वागत करते हुए कहा कि लंबे समय से उपेक्षित पड़े राजेंद्र सरोवर का कायाकल्प होने से नगरवासियों को एक बेहतर मनोरंजन एवं पर्यटन स्थल मिलेगा।लोगों ने उम्मीद जताई कि निर्माण कार्य समय पर पूरा होगा और खगड़िया को एक आधुनिक एवं आकर्षक सार्वजनिक परिसर की सौगात मिलेगी।राजेंद्र सरोवर के सौंदर्यीकरण एवं जीर्णोद्धार की यह परियोजना न केवल शहर के सौंदर्य को नई पहचान देगी, बल्कि खगड़िया को पर्यटन एवं जनसुविधाओं के क्षेत्र में भी एक नई दिशा प्रदान करेगी।नगरवासियों को अब उस दिन का इंतजार है जब यह सरोवर आधुनिक स्वरूप में विकसित होकर खगड़िया की शान बनेगा।

एसडीएफ न्यूज ब्यूरो,खगड़िया












