एसडीएफ न्यूज ब्यूरो,खगड़िया
खगड़िया शहर की ऐतिहासिक पहचान और सांस्कृतिक विरासत से जुड़े राजेंद्र सरोवर के बहुप्रतीक्षित सौंदर्यीकरण एवं जीर्णोद्धार कार्य का शनिवार को भव्य शिलान्यास किया गया।
लगभग 9 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाली इस महत्वाकांक्षी परियोजना का शिलान्यास बिहार सरकार के मद्य निषेध,उत्पाद एवं निबंधन विभाग के मंत्री सह खगड़िया प्रभारी मंत्री मदन सहनी ने किया।कार्यक्रम की अध्यक्षता नगर परिषद खगड़िया की सभापति अर्चना कुमारी ने की।
शिलान्यास समारोह में बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी, सामाजिक कार्यकर्ता एवं स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।वर्षों से नगरवासियों की मांग रही इस परियोजना के धरातल पर उतरने से पूरे शहर में उत्साह का माहौल देखने को मिला।लोगों ने इसे खगड़िया के विकास इतिहास का एक महत्वपूर्ण अध्याय बताते हुए स्वागत किया।
समारोह को संबोधित करते हुए प्रभारी मंत्री मदन सहनी ने कहा कि बिहार सरकार नगर क्षेत्रों में आधारभूत संरचनाओं के विकास और सार्वजनिक स्थलों के संरक्षण के लिए प्रतिबद्ध है।राजेंद्र सरोवर का सौंदर्यीकरण खगड़िया को नई पहचान देने वाला साबित होगा।
उन्होंने कहा कि परियोजना पूरी होने के बाद यह स्थल न केवल स्थानीय नागरिकों बल्कि आसपास के जिलों से आने वाले लोगों के लिए भी आकर्षण का केंद्र बनेगा।वहीं सदर विधायक बबलू कुमार मंडल ने कहा कि राजेंद्र सरोवर खगड़िया की ऐतिहासिक धरोहर है।इसके विकास की मांग लंबे समय से की जा रही थी।उन्होंने कहा कि इस परियोजना को स्वीकृति दिलाने और इसे धरातल पर उतारने के लिए लगातार प्रयास किए गए।उन्होंने निर्माण एजेंसी को गुणवत्ता के साथ समयबद्ध तरीके से कार्य पूरा करने का निर्देश दिया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रही नगर सभापति अर्चना कुमारी ने कहा कि राजेंद्र सरोवर का विकास खगड़िया के सौंदर्यीकरण,पर्यटन विकास और पर्यावरण संरक्षण की दिशा में एक ऐतिहासिक कदम है।उन्होंने कहा कि नगर परिषद लगातार शहर को आधुनिक, स्वच्छ और सुंदर बनाने के लिए कार्य कर रही है।यह परियोजना आने वाली पीढ़ियों के लिए एक बेहतर सार्वजनिक स्थल के रूप में विकसित होगी।
परियोजना के तहत राजेंद्र सरोवर परिसर में आधुनिक पार्क,आकर्षक लाइटिंग,वॉकिंग ट्रैक,बैठने की समुचित व्यवस्था, हरित क्षेत्र,बच्चों के लिए मनोरंजन सुविधाएं,सौंदर्यीकरण कार्य एवं अन्य आधुनिक जनसुविधाओं का विकास किया जाएगा।इसके साथ ही पूरे परिसर को पर्यटन की दृष्टि से विकसित किया जाएगा,जिससे खगड़िया की पहचान और मजबूत होगी।
जनप्रतिनिधियों ने कहा कि परियोजना पूरी होने के बाद राजेंद्र सरोवर शहर की नई पहचान बनेगा।इससे न केवल पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा,बल्कि स्थानीय आर्थिक गतिविधियों को भी नई गति मिलेगी।लोगों को एक स्वच्छ,सुंदर और आधुनिक सार्वजनिक स्थल उपलब्ध होगा,जहां परिवार, बच्चे,युवा और बुजुर्ग समय व्यतीत कर सकेंगे।
कार्यक्रम में नगर उपसभापति शबनम जबीन,सांसद प्रतिनिधि पवन जायसवाल,सभापति प्रतिनिधि ज्योतिष मिश्रा, अनुमंडल पदाधिकारी धनंजय कुमार,कार्यपालक पदाधिकारी सिंधु कमल,सांसद के निजी सचिव विकास कुमार सिंह, उपसभापति प्रतिनिधि मोहम्मद शहाबुद्दीन,जिला परिषद सदस्य रजनीकांत कुमार,आर्किटेक्ट शुभम कुमार,राजीव कुमार चौहान,मिथुन शर्मा,वार्ड पार्षद पप्पू यादव,वार्ड पार्षद गुलशन वर्मा,सुमित कुमार,पूर्व उपसभापति विनय पटेल सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, सामाजिक कार्यकर्ता एवं नगरवासी उपस्थित रहे।
स्थानीय लोगों ने कहा कि वर्षों से उपेक्षित पड़े राजेंद्र सरोवर के कायाकल्प से खगड़िया को एक नई पहचान मिलेगी।लोगों ने उम्मीद जताई कि निर्माण कार्य समय पर पूरा होगा और आने वाले दिनों में यह स्थल जिले का प्रमुख पर्यटन एवं मनोरंजन केंद्र बनकर उभरेगा।
कुल मिलाकर,लगभग 9 करोड़ रुपये की लागत से शुरू हुई राजेंद्र सरोवर सौंदर्यीकरण एवं जीर्णोद्धार परियोजना खगड़िया के विकास इतिहास में मील का पत्थर साबित होने जा रही है।यह परियोजना शहर की सुंदरता,पर्यावरण संरक्षण, पर्यटन विकास और नागरिक सुविधाओं के विस्तार को नई दिशा प्रदान करेगी।

एसडीएफ न्यूज ब्यूरो,खगड़िया













