एसडीएफ न्यूज ब्यूरो,खगड़िया
खगड़िया नगर परिषद क्षेत्र में विकास कार्यों का सिलसिला लगातार गति पकड़ रहा है।नगर के विभिन्न वार्डों में सड़क,नाला, पुलिया,सामुदायिक शौचालय, पार्क,पोखर सौंदर्यीकरण एवं अन्य आधारभूत सुविधाओं से जुड़ी योजनाओं को प्राथमिकता के आधार पर पूरा किया जा रहा है।इसी क्रम में वार्ड संख्या-39 के लोगों को करीब ₹31 लाख 27 हजार 830 की दो महत्वपूर्ण विकास योजनाओं की सौगात मिली।नगर सभापति अर्चना कुमारी ने दोनों योजनाओं का फीता काटकर विधिवत उद्घाटन किया।
उद्घाटन समारोह के दौरान क्षेत्र में उत्सव जैसा माहौल देखने को मिला।स्थानीय लोगों ने नगर सभापति का गर्मजोशी से स्वागत करते हुए कहा कि इन योजनाओं के पूरा होने से वार्ड संख्या-39 की वर्षों पुरानी सड़क और जल निकासी की समस्या का समाधान होगा तथा लोगों को बेहतर नागरिक सुविधाएं प्राप्त होंगी।
पहली योजना के तहत ₹18 लाख 59 हजार 200 की लागत से निर्मित पीसीसी सड़क एवं आरसीसी नाला निर्माण कार्य का उद्घाटन किया गया।वहीं दूसरी योजना के तहत ₹12 लाख 68 हजार 630 की लागत से निर्मित पीसीसी सड़क एवं आरसीसी नाला निर्माण कार्य का भी उद्घाटन नगर सभापति द्वारा किया गया।दोनों योजनाओं की कुल लागत ₹31 लाख 27 हजार 830 है।
उद्घाटन समारोह को संबोधित करते हुए नगर सभापति अर्चना कुमारी ने कहा कि नगर परिषद का उद्देश्य केवल योजनाएं स्वीकृत कराना नहीं,बल्कि उन्हें गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूरा कर जनता को समर्पित करना है।उन्होंने कहा कि सड़क और नाला किसी भी क्षेत्र के विकास की आधारशिला होते हैं।बेहतर सड़क से आवागमन सुगम होता है,जबकि मजबूत जल निकासी व्यवस्था से बरसात के दिनों में जलजमाव की समस्या समाप्त होती है।उन्होंने कहा कि नगर परिषद खगड़िया के सभी वार्डों में बिना किसी भेदभाव के विकास कार्य कराए जा रहे हैं।जनता की आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए योजनाओं का चयन किया जा रहा है और उन्हें समयबद्ध तरीके से पूरा किया जा रहा है।नगर परिषद का लक्ष्य प्रत्येक वार्ड को आधुनिक आधारभूत सुविधाओं से जोड़ना है।
नगर सभापति ने कहा कि वर्तमान समय में नगर परिषद क्षेत्र में करोड़ों रुपये की लागत से सड़क,नाला,पुलिया, सामुदायिक शौचालय,पार्क, पोखर सौंदर्यीकरण,हाईमास्ट लाइट,डेकोरेटिव लाइट एवं अन्य जनहित की योजनाओं पर लगातार कार्य हो रहा है।आने वाले समय में भी कई महत्वपूर्ण परियोजनाओं का लाभ नगरवासियों को मिलेगा।
कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए वार्ड पार्षद गोविन्द कुमार पासवान ने नगर सभापति अर्चना कुमारी का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इन दोनों योजनाओं से वार्ड संख्या-39 के हजारों लोगों को सीधा लाभ मिलेगा और क्षेत्र के विकास को नई गति मिलेगी।
कार्यक्रम में ब्रजेश कुमार,क्रिया पासवान,बाल्मीकि पासवान, शशि भूषण पासवान,पृथ्वी पासवान,गुलशन जी सहित बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक एवं गणमान्य लोग उपस्थित रहे।सभी ने नगर परिषद द्वारा कराए जा रहे विकास कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि लगातार हो रहे निर्माण कार्यों से पूरे नगर की तस्वीर बदल रही है।
स्थानीय लोगों ने विश्वास व्यक्त किया कि इन योजनाओं के शुरू होने से क्षेत्र में जलजमाव की समस्या समाप्त होगी, आवागमन और अधिक सुगम बनेगा तथा वार्ड संख्या-39 विकास की नई पहचान के रूप में उभरेगा।उन्होंने नगर सभापति अर्चना कुमारी के नेतृत्व में हो रहे विकास कार्यों की प्रशंसा करते हुए कहा कि नगर परिषद योजनाबद्ध तरीके से प्रत्येक वार्ड में आधारभूत सुविधाओं का विस्तार कर रही है।करीब ₹31.28 लाख की लागत से पूर्ण हुई इन दोनों योजनाओं का उद्घाटन वार्ड संख्या-39 के विकास में एक महत्वपूर्ण मील का पत्थर माना जा रहा है।स्थानीय लोगों का कहना है कि इन विकास कार्यों से न केवल वर्तमान समस्याओं का समाधान होगा,बल्कि आने वाले वर्षों में भी क्षेत्र के समग्र विकास को नई दिशा मिलेगी।

एसडीएफ न्यूज ब्यूरो,खगड़िया















