एसडीएफ न्यूज ब्यूरो, खगड़िया
खगड़िया सदर विधानसभा क्षेत्र के सोनवर्षा रहीमपुर में शिक्षा के क्षेत्र में एक नई उपलब्धि जुड़ गई।सरस्वती विद्या निकेतन(मॉडल स्कूल), एस.एन.उच्च विद्यालय सोनवर्षा रहीमपुर का विधिवत उद्घाटन सदर विधायक बबलू कुमार मंडल ने फीता काटकर किया।इस अवसर पर विधायक ने विद्यालय के शिलापट का भी अनावरण किया।मॉडल स्कूल के शुभारंभ को लेकर विद्यालय परिवार,छात्र- छात्राओं एवं स्थानीय लोगों में उत्साह का माहौल देखने को मिला।
उद्घाटन के बाद विधायक बबलू कुमार मंडल ने विद्यालय की व्यवस्थाओं का जायजा लिया और कहा कि मॉडल स्कूल के रूप में विद्यालय का विकास क्षेत्र के बच्चों के शैक्षणिक भविष्य को बेहतर बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों के बच्चों को भी शहरों की तरह बेहतर शैक्षणिक वातावरण, आधुनिक सुविधाएं और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध हो,इसके लिए सरकार लगातार काम कर रही है।
विधायक ने कहा कि किसी भी राज्य और समाज के सर्वांगीण विकास की सबसे मजबूत नींव शिक्षा होती है।बच्चों को बेहतर शिक्षा मिलेगी तो वे न केवल अपना और अपने परिवार का भविष्य संवारेंगे,बल्कि बिहार और देश के विकास में भी महत्वपूर्ण योगदान देंगे।
उन्होंने कहा कि सरकार का प्रयास है कि सरकारी विद्यालयों में आधारभूत सुविधाओं को मजबूत करने के साथ-साथ शिक्षा की गुणवत्ता में भी निरंतर सुधार किया जाए।उन्होंने कहा कि विद्यालयों में बेहतर भवन, आधुनिक कक्षाएं,प्रयोगशाला, पुस्तकालय,खेलकूद की सुविधाएं और विद्यार्थियों के लिए अनुकूल शैक्षणिक वातावरण विकसित करने की दिशा में लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।मॉडल स्कूल की अवधारणा भी इसी सोच का हिस्सा है,ताकि बच्चों को अपने क्षेत्र में ही बेहतर शिक्षा और आगे बढ़ने के पर्याप्त अवसर उपलब्ध हो सके।
विधायक बबलू मंडल ने कहा कि हमारा संकल्प है कि क्षेत्र का कोई भी बच्चा बेहतर और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा से वंचित न रहे।ग्रामीण क्षेत्रों के बच्चों में प्रतिभा की कोई कमी नहीं है।आवश्यकता केवल उन्हें सही संसाधन,बेहतर वातावरण और उचित मार्गदर्शन उपलब्ध कराने की है।सरकार शिक्षा के क्षेत्र में निरंतर सुधार और नई सुविधाओं के विस्तार के लिए काम कर रही है।हमारा भी प्रयास है कि खगड़िया सदर विधानसभा क्षेत्र के विद्यालयों को अधिक से अधिक सुविधाओं से सुसज्जित किया जाए।
उन्होंने कहा कि सरकार की ओर से शिक्षा व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए विद्यालयों के आधारभूत ढांचे को मजबूत करने,शिक्षण व्यवस्था में सुधार और छात्र- छात्राओं को आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।इसका उद्देश्य है कि बिहार के बच्चे बदलते समय की चुनौतियों का सामना करने के लिए तैयार हों और शिक्षा के माध्यम से अपने सपनों को साकार कर सकें।
विधायक ने विद्यार्थियों से भी मन लगाकर पढ़ाई करने और जीवन में बड़ा लक्ष्य निर्धारित करने की अपील की।उन्होंने कहा कि विद्यालय केवल किताबों का ज्ञान प्राप्त करने की जगह नहीं,बल्कि बच्चों के व्यक्तित्व निर्माण का सबसे महत्वपूर्ण केंद्र है।विद्यार्थी अनुशासन,मेहनत और निरंतर सीखने की भावना को अपने जीवन का हिस्सा बनाएं तो कोई भी लक्ष्य उनके लिए असंभव नहीं है।
इस अवसर पर एडीएम आरती,योजना विभाग के डीपीओ बबन कुमार,बीडीओ पूरण साह,जदयू नेता दीपक सिन्हा,उमेश सिंह पटेल, महिला कॉलेज के प्राध्यापक डॉ. प्रभाष कुमार सहित विद्यालय परिवार,स्थानीय गणमान्य लोग एवं अन्य लोग मौजूद थे।
विधायक बबलू कुमार मंडल ने कहा कि खगड़िया में शिक्षा व्यवस्था को और मजबूत बनाना उनकी प्राथमिकताओं में शामिल है।आने वाले समय में भी विद्यालयों की आवश्यकताओं और छात्र- छात्राओं की सुविधाओं को ध्यान में रखते हुए लगातार प्रयास किए जाएंगे।उन्होंने कहा कि शिक्षित और सक्षम युवा ही विकसित बिहार की असली ताकत हैं और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के माध्यम से ही एक सशक्त,समृद्ध और आत्मनिर्भर समाज का निर्माण संभव है।

एसडीएफ न्यूज ब्यूरो, खगड़िया














