
एसडीएफ न्यूज ब्यूरो | पटना

राष्ट्रीय जनता दल के सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव के सफल इलाज के बाद सकुशल लौटने पर युवा राष्ट्रीय जनता दल, बिहार के प्रदेश महासचिव नीरज यादव,राजद नेता नंदकिशोर प्रसाद सहित अन्य नेताओं ने उनसे शिष्टाचार मुलाकात कर उनका कुशलक्षेम जाना तथा बेहतर स्वास्थ्य की कामना की।
इसके बाद प्रतिनिधिमंडल ने राजद के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष तेजस्वी यादव से भी मुलाकात की। इस दौरान राजद के वरिष्ठ नेता अब्दुल बारी सिद्दीकी भी मौजूद रहे।
मुलाकात के दौरान पार्टी के संगठनात्मक विस्तार, आगामी राजनीतिक गतिविधियों तथा विशेष रूप से खगड़िया जिला संगठन को और अधिक मजबूत एवं सक्रिय बनाने को लेकर विस्तार से चर्चा हुई। युवा राजद बिहार के प्रदेश महासचिव नीरज यादव ने खगड़िया में संगठन की वर्तमान स्थिति, कार्यकर्ताओं की सक्रियता तथा बूथ स्तर पर पार्टी को सशक्त बनाने की रणनीति से राष्ट्रीय नेतृत्व को अवगत कराया।
राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष तेजस्वी यादव ने संगठन को जमीनी स्तर पर और मजबूत करने, युवाओं की भागीदारी बढ़ाने तथा आम जनता के बीच पार्टी की विचारधारा को प्रभावी ढंग से पहुंचाने पर बल दिया। उन्होंने कार्यकर्ताओं से लगातार जनता के बीच सक्रिय रहने और संगठन को गांव-गांव तक विस्तार देने का आह्वान किया।
मुलाकात सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हुई। नेताओं ने विश्वास जताया कि राष्ट्रीय नेतृत्व के मार्गदर्शन में खगड़िया में राजद संगठन को नई मजबूती और नई ऊर्जा मिलेगी, जिससे पार्टी आगामी दिनों में और अधिक प्रभावी ढंग से जनता के बीच अपनी भूमिका निभाएगी।
















