एसडीएफ न्यूज ब्यूरो,खगड़िया
खगड़िया नगर परिषद क्षेत्र अंतर्गत वार्ड संख्या 38 स्थित महावीर मंदिर परिसर के समीप 11 लाख 31 हजार रुपये की लागत से बनने वाले चबूतरा निर्माण कार्य का शिलान्यास बुधवार को सदर विधायक बबलू कुमार मंडल ने किया।इस अवसर पर स्थानीय ग्रामीणों ने विधायक का गर्मजोशी के साथ स्वागत किया तथा क्षेत्र में हो रहे विकास कार्यों के लिए उनका आभार व्यक्त किया।
शिलान्यास कार्यक्रम के बाद आयोजित सभा को संबोधित करते हुए विधायक बबलू कुमार मंडल ने कहा कि जनता ने जिस विश्वास और उम्मीद के साथ उन्हें विधानसभा भेजा है,उस भरोसे पर शत-प्रतिशत खरा उतरना उनका संकल्प है।
उन्होंने कहा कि जनप्रतिनिधि का दायित्व केवल योजनाओं की घोषणा करना नहीं,बल्कि उन्हें धरातल पर उतारकर जनता को उसका लाभ पहुंचाना है।यही सोच लेकर वे लगातार खगड़िया विधानसभा क्षेत्र के सर्वांगीण विकास के लिए कार्य कर रहे हैं।विधायक ने कहा कि पिछले कुछ वर्षों में खगड़िया के विकास को नई गति देने के लिए कई महत्वपूर्ण योजनाओं को स्वीकृति दिलाई गई है।उन्होंने बताया कि जिले में लंबे समय से बहुप्रतीक्षित मेडिकल कॉलेज निर्माण की दिशा में तेजी से कार्य हो रहा है और जल्द ही इसका निर्माण कार्य प्रारंभ होने की उम्मीद है।मेडिकल कॉलेज के निर्माण से न केवल जिले की स्वास्थ्य सेवाएं मजबूत होंगी, बल्कि युवाओं को चिकित्सा शिक्षा के क्षेत्र में भी बेहतर अवसर उपलब्ध होंगे।
उन्होंने कहा कि खगड़िया शहर की सबसे बड़ी समस्या जलजमाव रही है,जिसके स्थायी समाधान के लिए 433 करोड़ रुपये की लागत वाली स्टॉर्म वाटर ड्रेनेज योजना को तकनीकी स्वीकृति दिलाई गई है।अब टेंडर प्रक्रिया शुरू होने वाली है और जल्द ही निर्माण कार्य धरातल पर दिखाई देगा।इस योजना के पूरा होने के बाद शहरवासियों को वर्षों पुरानी जलजमाव की समस्या से बड़ी राहत मिलेगी।
विधायक बबलू मंडल ने बताया कि सदर अस्पताल में जलनिकासी की समस्या के समाधान के लिए भी 16 करोड़ 75 लाख रुपये की लागत से ड्रेनेज सिस्टम का विस्तृत परियोजना प्रतिवेदन(डीपीआर) तैयार कराया गया है।यह प्रस्ताव तकनीकी स्वीकृति की प्रक्रिया में है और स्वीकृति मिलते ही कार्य प्रारंभ कराया जाएगा।
उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य सुविधाओं को बेहतर बनाना उनकी प्राथमिकताओं में शामिल है।उन्होंने यह भी जानकारी दी कि खगड़िया में मेडिकल वेटनरी कॉलेज की स्थापना की प्रक्रिया भी शुरू हो चुकी है।इससे पशुपालन आधारित जिले की अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलेगी तथा पशुपालकों को आधुनिक चिकित्सा और प्रशिक्षण की सुविधाएं उपलब्ध होंगी।उन्होंने कहा कि कृषि और पशुपालन खगड़िया की अर्थव्यवस्था की रीढ़ हैं,इसलिए इन क्षेत्रों के विकास के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।
विधायक ने कहा कि विकास केवल सड़क,भवन और पुल-पुलियों के निर्माण तक सीमित नहीं है,बल्कि शिक्षा, स्वास्थ्य,रोजगार और आधारभूत संरचनाओं को मजबूत बनाना भी उतना ही आवश्यक है।उन्होंने लोगों से विकास कार्यों में सहयोग करने और क्षेत्र की समस्याओं से उन्हें अवगत कराते रहने की अपील की।
कार्यक्रम का संचालन संसारपुर पंचायत के पूर्व मुखिया सह जदयू के जिला उपाध्यक्ष रामबिलास महतो ने किया।मौके पर संसारपुर के ग्रामीण संजय राय,हरेराम राय,विनय राय, गोपाल महतो,सतीश वर्मा, सज्जन पासवान,दिनेश पासवान,सुनील कुमार साह, जदयू के वरिष्ठ नेता दीपक सिन्हा,उमेश सिंह पटेल,राकेश पासवान शास्त्री,राजनीति प्रसाद सिंह,पंकज कुमार सहित बड़ी संख्या में स्थानीय लोग उपस्थित थे।
कार्यक्रम के अंत में विधायक ने विश्वास दिलाया कि खगड़िया विधानसभा क्षेत्र के विकास की रफ्तार आगे भी इसी तरह जारी रहेगी और जनता की अपेक्षाओं को पूरा करने के लिए वे निरंतर कार्य करते रहेंगे।

एसडीएफ न्यूज ब्यूरो,खगड़िया













