एसडीएफ न्यूज ब्यूरो,खगड़िया
खगड़िया विधानसभा क्षेत्र के सैदपुर पंचायत में रविवार को सदर विधायक बबलू कुमार मंडल ने व्यापक जनसंपर्क अभियान के तहत ग्रामीण क्षेत्रों का भ्रमण किया।इस दौरान उन्होंने ग्रामीणों से आत्मीय मुलाकात कर उनकी समस्याओं,आवश्यकताओं और जनसरोकार से जुड़े विभिन्न मुद्दों को गंभीरता एवं ध्यानपूर्वक सुना।विधायक के पंचायत पहुंचने पर ग्रामीणों ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया और क्षेत्र की विभिन्न समस्याओं से उन्हें अवगत कराया।
ग्रामीणों ने सड़क,जल निकासी, शिक्षा,स्वास्थ्य,बिजली,कृषि तथा अन्य बुनियादी सुविधाओं से जुड़ी समस्याओं को विधायक के समक्ष रखा।विधायक बबलू मंडल ने एक-एक कर सभी लोगों की बातें सुनीं और संबंधित समस्याओं के शीघ्र समाधान के लिए आवश्यक पहल करने का भरोसा दिलाया।उन्होंने कहा कि जनता की समस्याओं को जानना और उनका समाधान कराना ही जनप्रतिनिधि का सबसे बड़ा दायित्व है।
सभा को संबोधित करते हुए विधायक ने कहा कि वे क्षेत्र के समग्र विकास और जनकल्याण के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रहे हैं।जनता ने जिस विश्वास के साथ उन्हें विधानसभा भेजा है,उस विश्वास पर खरा उतरना उनकी प्राथमिकता है।
उन्होंने कहा कि विकास केवल बड़े शहरों तक सीमित नहीं होना चाहिए,बल्कि गांवों तक विकास की रोशनी पहुंचनी चाहिए।इसी उद्देश्य से वे लगातार पंचायतों का भ्रमण कर लोगों की समस्याओं को सीधे सुन रहे हैं।विधायक ने कहा कि सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे, इसके लिए भी लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।उन्होंने ग्रामीणों से अपील की कि वे सरकार द्वारा संचालित योजनाओं की जानकारी प्राप्त करें और उसका लाभ उठाएं।साथ ही उन्होंने युवाओं को शिक्षा के प्रति जागरूक रहने तथा समाज के विकास में सकारात्मक भूमिका निभाने का आह्वान किया।
उन्होंने कहा कि गांवों का विकास ही राज्य और देश के विकास की आधारशिला है।सड़क,शिक्षा,स्वास्थ्य और रोजगार जैसी बुनियादी सुविधाओं को मजबूत बनाना उनकी प्राथमिकता में शामिल है।ग्रामीणों द्वारा उठाए गए सभी मुद्दों को संबंधित विभागों के समक्ष मजबूती से रखा जाएगा और समाधान के लिए हरसंभव प्रयास किया जाएगा।
सदर विधायक ने कहा कि जनता से सीधा संवाद ही लोकतंत्र की असली ताकत है।लोगों के बीच जाकर उनकी समस्याओं को समझने से विकास योजनाओं को बेहतर तरीके से लागू करने में मदद मिलती है।उन्होंने भरोसा दिलाया कि सैदपुर पंचायत सहित पूरे खगड़िया विधानसभा क्षेत्र के विकास के लिए वे निरंतर प्रयासरत रहेंगे।
इस अवसर पर जदयू के वरिष्ठ नेता दीपक सिन्हा,संदीप केडिया,उमेश सिंह पटेल,मानसी के जदयू प्रखंड अध्यक्ष राजनीति प्रसाद सिंह,पप्पू देव, पूर्व जिला परिषद सदस्य अजीत सरकार,मिथलेश कुमार सहित कई गणमान्य लोग एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित थे।कार्यक्रम के दौरान क्षेत्र के विकास को लेकर सकारात्मक चर्चा हुई और ग्रामीणों ने विधायक के प्रति अपना विश्वास व्यक्त किया।















